पूर्वोत्तर रेलवे के प्रयागराज रामबाग स्टेशन पर अवैध वेंडरों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रभारी निरीक्षक डीएस यादव के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान स्टेशन के अलग-अलग प्लेटफार्मों और ट्रेन से भारी मात्रा में अमानक (लोकल) पानी की बोतलें बरामद की गईं। उप निरीक्षक जितेंद्र नाथ आर्य, सहायक उप निरीक्षक राकेश चंद्र द्विवेदी व हमराह स्टाफ ने प्लेटफार्म संख्या एक पर स्थित एएच व्हीलर मल्टीपरपज स्टॉल से दिलीप कुमार गुप्ता निवासी साउथ मलाका को एक लोकल ब्रांड की कंपनी का 36 बोतल लोकल पानी बेचते हुए पकड़ा। इसी क्रम में टीम ने प्लेटफार्म संख्या पांच व छह पर स्थित श्याम ढाबा स्टॉल से अनिल कुमार जायसवाल निवासी गोहानिया, घूरपुर को 264 बोतल अमानक पानी के साथ दबोचा। वहीं गाड़ी संख्या 12792 से गोपाल केसरवानी निवासी जीरो रोड को भी अवैध रूप से पानी बेचते हुए पकड़ा गया। आरपीएफ ने तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 300 से अधिक अमानक पानी की बोतलें जब्त की हैं। पकड़े गए तीनों वेंडरों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। ब्यूरो