घूरपुर में सामूहिक दुष्कर्म के मामले में सीएम योगी ने अफसरों से कहा, बख्शे न जाएं अपराधी
घूरपुर के एक गांव में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सीएम योगी आदित्यनाथ तक पहुंच गया है। सीएम ने इस मामले में प्रयागराज के अफसरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बात कर निर्देश दिया है कि अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा न जाए। साथ ही जिलाधिकारी प्रयागराज को निर्देश दिया कि किशोरी के सरकारी योजनाओं से संबंधित सभी दस्तावेज बनाकर उसे लाभ दिया जाए।
सीएम का निर्देश मिलते ही जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को कार्रवाई करने को कहा। सीएम योगी जिला एवं पुलिस प्रशासन के अफसरों से त्योहारों के मद्देनजर कानून व्यवस्था को लेकर बृहस्पतिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर रहे थे। जिलाधिकारी ने बताया कि योजना के तहत ढाई हजार रुपये प्रतिमाह पढ़ाई के लिए दिए जाऐ हैं। जिस किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ, उसका भाई अभी छोटा है। वह ट्रेन में बैठ चुका है और यहां आने वाला है। अगर कोई अभिभावक न मिला तो उसे भी बाल गृह में रखने का इंतजाम किया जाएगा।
वहीं किशोरी को पुलिस की सुरक्षा में खुल्दाबाद स्थित बालिका गृह में रखा गया है। उसे योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। टीम ने उसका मेडिकल भी कराया है। डीपीओ सर्वजीत सिंह ने बताया कि सारी कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद किशोरी को महिला एवं बाल कल्याण कोष से सहायता दी जाएगी। इसके तहत तीन लाख रुपये की सहायता मिलेगी।