सपा महिला सभा की ओर से बृहस्पतिवार को सुभाष चौराहे पर हाथरस की गैंग पीड़िता को श्रद्धांजलि दी गई। उन्होंने कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह के जन्मदिन से संबंधित पोस्टर भी फाड़ दिए। इस पर ऋचा सिंह, मंजू पाठक समेत तीन के खिलाफ नामजद एफआईआर लिखाई गई है। कई अन्य के खिलाफ भी मुकदमा लिखाया गया है। पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार भी कर लिया था लेकिन बाद में छोड़ दिया गया।
सुभाष चौराहे पर एकत्रित ऋचा सिंह, मंजू पाठक, गुड्ड्री यादव, निशा शुक्ला आदि ने कैंडल जलाकर पीड़िता को श्रद्धांजलि दी। वे मुख्यमंत्री के इस्तीफे की भी मांग कर रहीं थीं। वहां कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ के जन्म दिन से संबंधित पोस्टर भी लगे हुए थे। कुछ दूरी पर भाजपा कार्यकर्ता भी खड़े थे। इससे वहां कहासुनी के बाद तनाव बढ़ गया। हाथरस और बलरामपुर में गैंगरेप की घटना से नाराज महिलाओं ने मंत्री के पोस्टर भी फाड़ दिए। वहां मौजूद फोर्स ने उन्हें रोकने की कोशिश की तथा तीखी झड़प हुई।
तनाव बढ़ने पर पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बाद में सभी को छोड़ दिया गया। सभी के खिलाफ मुकदमा भी लिखा गया है। एफआईआर की बाबत ऋचा का कहना था कि पोस्टर फाड़ने पर मुकदमा लिखा गया है तो वह भी जानना चाहेंगी कि क्या वहां नगर निगम की अनुमति से पोस्टर लगे थे। उन्होंने कई अन्य सवाल भी उठाए।