three deadcody found in police line
- फोटो : CITY DESK
प्रयागराज। पुलिस लाइन में हुई सनसनीखेज वारदात में अपने माता-पिता व भाई को खोने वाला भारत फूट-फूटकर रोता रहा। पूछने पर उसने यह भी कहा कि पिता भाई की बीमारी को लेकर काफी परेशान रहते थे। कभी-कभी यह भी कहते कि जिंदगी से ऊब चुका हूं। लेकिन उसे एक पल के लिए भी नहीं लगा कि वह ऐसा कदम उठाएंगे।
भारत मृतक फॉलोवर गोविंदनारायण के तीन बच्चों में मझला है और घटना के बाद घर का एकमात्र सदस्य था जो मौके पर मौजूद रहा। उसने बताया कि मृतक सुनील सबसे बड़ा था। बहन रजनी पिता की तीन संतानों में सबसे छोटी थी जिसकी शादी दो साल पहले करछना के खाई निवासी अनुज कुशवाहा से हुई थी। जो वर्तमान में पति के साथ गुवाहाटी में रहती है। एक साथ मां-बाप व भाई को खोने से भारत गहरे सदमे में था। दोस्तों के ढ़ांढस बंधाने पर वह चुप हो जाता लेकिन कुछ देर बाद ही फिर फूट-फूटकर रोने लगता। बिलखते हुए उसने बताया कि भाई की मानसिक हालत ठीक नहीं थी और उसका काफी समय तक न्यूरो सर्जन से इलाज भी चला लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
यही वजह थी कि पिता उसे लेकर परेशान रहते थे। कभी-कभी उलझन ज्यादा बढ़ जाती तो जिंदगी से ऊबने की बात भी कह देते थे। तब ऐसी बातें करने के लिए वह नाराजगी भी जताता था जिस पर वह शांत हो जाते थे। भारत का कहना था कि पिता की उन बातों से कभी नहीं लगा कि वह ऐसा कदम उठाएंगे। सोमवार सुबह भी करीब 11 बजे जब वह स्टूडियो जाने के लिए निकला, घर पर सबकुछ सामान्य था। एक प्रोजेक्ट के सिलसिले में वह दिनभर व्यस्त रहा और यही वजह रही कि इस दौरान एक बार भी उसकी घर पर बात नहीं हुई। रात में घर वापस आने पर घटना की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए।