महाकुंभ में चलाई जा रही हैं शटल बस।
- फोटो : अमर उजाला।
रोडवेज की शटल सेवा में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। माघी पूर्णिमा की ही बात करें तो शटल सेवा से 3.50 लाख यात्रियों ने सफर किया। खास बात यह रही कि इन सभी यात्रियों का शटल बसों मेें फ्री सफर रहा। फिलहाल शुक्रवार से शटल बस में यात्रियों का पहले की तरह किराया लगना शुरू हो जाएगा।
इस बीच शटल सेवा का बृहस्पतिवार को अपने निर्धारित रूट पर संचालन हुआ। नेहरू पार्क रूट की बसें हिंदू हॉस्टल तक तो बेला कछार से आने वाली बसें भारत स्काउट तक संचालित हुई। हालांकि अंदावा और लेप्राेसी से आने वाली बसों का शहर में आगमन नहीं हो सका। इस दौरान एक लाख यात्रियों ने बृहस्पतिवार को शटल बसों में सफर किया। वहीं दूसरी ओर यूपी रोडवेज ने इस वीकेंड काफी संख्या में श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया है। इसे देखते हुए यूपी रोडवेज 15 से 17 फरवरी तक 2250 अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा।
ऐसा माना जा रहा है कि अमृत स्नान के अतिरिक्त शनिवार एवं रविवार के दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज महाकुंभ स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। सूबे के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने निर्देश दिया है कि प्रयागराज के विभिन्न अस्थाई बस स्टेशनों पर अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारण किया जाए, ताकि बसों का संचालन सुचारू रूप से हो सके। उन्होंने अवकाश के दिनों में बसों के सफल संचालन की कार्ययोजना बनाने को भी कहा है। नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए आवश्यक सभी प्रबंध सुनिश्चित करें।