मानक के विपरीत सड़क निर्माण का भुगतान न करने पर पीडब्ल्यूडी के कुंभ मेला डिवीजन में तैनात सहायक अभियंता और अवर अभियंता को जान से मारने की धमकी दी गई है। सड़क निर्माण कराने वाली फर्म के संचालक की धमकी के बाद एई, जेई दहशत में हैं। दोनों अभियंताओं ने डीएम, एसएसपी को पत्र लिखकर जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। उधर, कुंभ मेला डिवीजन के अधिशासी अभियंता राम स्वरूप ने बिना काम कराए भुगतान की शिकायत की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। उनका कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद फर्म को ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
कुंभ मेला डिवीजन में करीब दो किमी लंबे हाजीपुर-बढ़ैया मार्ग से बदलापुर से सेवइत रेलवे स्टेशन तक संपर्क मार्ग से मार्ग से मामला जुड़ा है। इस सड़क के निर्माण में मानक की अनदेखी करने और एई-जेई की ओर से सुधार की चेतावनी देने के बाद भी मनमाना काम पूरा कराने का आरोप है। एक्सईएन राम स्वरूप को एई धनीराम और जेई दीपक कुमार ने पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी है।