रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ के चेयरमैन विवेक प्रकाश को जान से मारने की धमकी दी गई। लेवल वन भर्ती परीक्षा में अनुचित तरीके से नियुक्ति का दबाव बनाया और बात नहीं मानने पर जान से मारने की धमकी दी। चेयरमैन की तहरीर पर धूमनगंज पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उनकी ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि मौजूदा समय में रेलवे लेवल वन की भर्ती प्रक्रिया आरआरसी में चल रही है। जिसमें कई अभ्यर्थी विभिन्न वजहों से फेल हुए और उनकी जांच चल रही है। पिछले कुछ समय से कुछ लोग भर्ती प्रक्रिया में अनुचित तरीके से नियुक्ति के लिए उन पर दबाव बना रहे हैं। 15 अक्तूबर को इन्हीं लोगों ने चालक से उनकी निजी जानकारी मसलन घर का पता, आने-जाने का वक्त आदि जानने की कोशिश की।
यह भी कहा कि वह कुछ लोगों को पास कराने की बात करे। 16 अक्तूबर को इन्हीं लोगों ने सिविल लाइंस में वाल्मीकि चौराहे स्थित कार्यालय से सूबेदारगंज स्थित आवास पर जाते वक्त उनका पीछा किया और आवास पर पहुंचकर दबाव डालने की कोशिश की।
जिसकी सूचना चेयरमैन की ओर से पुलिस व रेलवे अफसरों को दी गई। इसके बाद 17 व 18 अक्तूबर को चालक के मोबाइल पर फोन कर चेयरमैन को जान से मारने की धमकी दी। मामले की शिकायत मिलने पर धूमनगंज थाने में अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।