कानपुर-बरौनी तेल पाइप लाइन से हजारों लीटर डीजल चोरी
क्रासर
पिकअप समेत दो हजार लीटर डीजल बरामद, इंडियन ऑयल की पाइप लाइन में सेंध से मचा हड़कंप
इंडियन ऑयल के निरीक्षक ने दर्ज कराई रिपोर्ट, करोड़ों रुपये का चूना लगने की जताई गई है आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
करछना (प्रयागराज)। इंडियन ऑयल की बरौनी-कानपुर पाइप लाइन से बड़े पैमाने पर डीजल चोरी का पता लगने के बाद हड़कंप मच गया है। आधी रात को पाइप लाइन से तेल निकाला जा रहा है। इस गोरखधंधे में तेल चोर गिरोह अब तक करोड़ों रुपये का चूना लगा चुका है। करछना पुलिस ने शिकायत मिलने पर छापेमारी की लेकिन, गिरोह के सदस्य भागने में सफल रहे। इस मामले में एक पिकअप वाहन से दो हजार लीटर डीजल बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इससे पहले भी कई बार इस पाइप लाइन से कई बार तेल चोरी पकड़ी जा चुकी है।
सूबेदारगंज डिपो से करीब 30 किमी आगे गधियाव गांव के पास से गुजरी इंडियन ऑयल की पाइप लाइन से धड़ल्ले से डीजल चोरी हो रही है। बीती 19 जुलाई की रात तेल लाइन के पास सड़क पर एक पिकअप वाहन काफी देर के खड़ा होने पर ग्रामीणों को शक हुआ। किसी ने इसकी जानकारी थानाध्यक्ष करछना को दी। पुलिस पहुंची तो पिकअप छोड़कर गिरोह के सदस्य भाग निकले। इस दौरान पिकअप पर लदे दो टैंक से दो हजार डीजल बरामद किया गया। सुबह तेल पाइप लाइन की निगरानी करने वाले चौकीदार ने तेल चोरी की शिकायत निरीक्षक से की। शनिवार को इंडियन ऑयल के निरीक्षक उमेश कुमार की तहरीर पर इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। फिलहाल तेल चोरी का मामला उजागर होने से हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस के मुताबिक इस घटना में स्थानीय चोरों का भी हाथ हो सकता है। इंडियन ऑयल के निरीक्षक की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में बीती 12 जुलाई से ही पाइप लाइन के साथ छेड़छाड़ की बात कही गई है। इससे साफ है कि अब तक लाखों लीटर डीजल चोरी किया जा चुका है। कुछ लोगों का कहना है कि इस इलाके में तेल पाइप लाइन का नॉजिल खोलकर लगातार तेल चोरी किया जा रहा है। इससे दो वर्ष पहले बसरिया गांव के समीप भी तेल चोरी का प्रयास किया गया था।
इनसेट
डीजल चोरी में विभागीय कर्मचारियों पर भी शक
प्रयागराज। कानपुर-बरौनी ते पाइप लाइन से करछना में डीजल चोरी के मामले में इंडियन ऑयल के कर्मचारियों की भूमिका पर भी शक किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि बिना इंडियन ऑयल के कर्मचारियों की संलिप्तता के तेल चोरी नहीं की जा सकती। दरअसल, शनिवार को तेल चोरी के प्रयास की शिकायत लेकर जब पाइप लाइन की निगरानी करने वाला चौकीदार थाने पहुंचा, तब पुलिस चोरी का डीजल व वाहन बरामद कर चुकी थी। कहा जा रहा है कि पुलिस की ओर से डीजल चोरी पकड़े जाने के बाद संबंधित विभाग के कर्मचारी शिकायत लेकर पहुंचे थे, ताकि उन पर किसी की नजर न पड़ जाए। पता चला है कि विभागीय कर्मचारियों की मिलीभगत से पाइप लाइन खोल कर बड़े पैमाने पर डीजल चोरी की जा रही है। इसकी गहराई से जांच कराई जाएगी तो कई चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।
कोट
करछना के पास पाइप लाइन काट कर तेल चोरी की शिकायत मिली है। इसकी जांच कराई जा रही है। तेल चोरी कब से की जा रही थी और अब तक कितनी की गई, इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। मंजीत धीमान, जीएम- इंडियन ऑयल बरौनी-कानपुर पाइप लाइन, प्रयागराज।
कोट
रात को सड़क पर घंटों से खड़े वाहन को देख जब ग्रामीणों को शक हो गया था। सूचना मिलने पर जब चेक कराया गया, तब तेल चोरी का खुलासा हुआ। डीजल की बरामदगी के बाद इंडियन ऑयल के कर्मचारी पाइप लाइन से तेल चोरी के प्रयास की सूचना देने आए थे। वहां से पहले भी तेल चोरी की शिकायतें मिल चुकी हैं। - दीपेंद्र कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक-करछना।