इस बार का नव संवत्सर कुछ खास है। अमूमन सावन मास में चार या पांच सोमवार ही आते हैं, लेकिन 22 मार्च से शुरू हो रहे नव संवत्सर 2080 में सावन के इस बार आठ सोमवार होंगे। ज्योतिषी भी इसे दुर्लभ संयोग मान रहे हैं। कुल मिलाकर सावन 59 दिनों का होगा। इतना ही नहीं नया विक्रम संवत 2080 इस बार 12 की जगह 13 माह का होगा।
हिंदू नववर्ष अर्थात नव संवत्सर का प्रारंभ चैत्र माह के शुक्लपक्ष की प्रतिपदा से होता है। चैत्र मास हिंदू कैलेंडर का प्रथम माह भी होता है। इस वर्ष नव संवत्सर (विक्रम संवत 2080) बुधवार 22 मार्च, 2023 से प्रारंभ हो रहा है। ज्योतिषाचार्य डाॅ. अमिताभ गौड़ बताते हैं कि इस वर्ष राजा बुध एवं शुक्र मंत्री होंगे। हिंदू नववर्ष की शुरुआत बेहद शुभ योग, शुक्ल योग एवं ब्रह्म योग में हो रही है। इन योगों में किये गए कार्यों में विशेष सफलता प्राप्त होती है। हिंदू कैलेंडर में अमूमन 12 माह ही होते हैं, लेकिन वर्ष 2023 इस मामले में विशेष है। इस वर्ष 13 महीने होंगे।