एक दर्जन से ज्यादा वारदातें आ चुकी हैं सामने
महाकुंभ मेले में मोबाइल, पर्स चोरी की अब तक एक दर्जन वारदातें सामने आ चुकी हैं। अरैल में यूएसए से आए श्रद्धालु का 1700 यूएस डॉलर, कैमरा, लेंस, क्रेडिट कार्ड समेत अन्य सामान भरा बैग चोरी करने की घटना बृहस्पतिवार को सामने आई थी। ज्यादातर वारदातों में मोबाइल चोरी हुआ है। संगम से लेकर अरैल घाट व मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर ये घटनाएं हुई हैं।
ओमानी महिला, लेफ्टिनेंट कर्नल का मोबाइल चोरी
महाकुंभ नगर। महाकुंभ में यूएसए से आए श्रद्धालु के बैग चोरी के साथ ही अब ओमान से आई महिला श्रद्धालु व भारतीय सेना की लेफ्टिनेंट कर्नल का मोबाइल चोरी करने की घटना सामने आई है। दीप्ति वापोद्रा पत्नी जिग्नेश पी वापोद्रा प्रवासी भारतीय हैं, जो वर्तमान में ओमान में रहती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह भोर में 4:35 पर स्नान करने संगम घाट पहुंची थीं।
इसी दौरान उनका बैग चोरी कर लिया गया। इस बैग में मस्कट का आईडी कार्ड व उनका आधार कार्ड के अलावा कुछ पैसे थे। वापस ओमान जाने के लिए आईडी कार्ड आवश्यक है। उधर, जबलपुर मिलिट्री अस्पताल में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल हरलीन चोपड़ा का आईफोन भी चोरी कर लिया गया। उन्होंने पुलिस काे दी तहरीर में बताया है कि वह बड़े हनुमान मंदिर के पास किला महावीर रोड से जा रही थीं। इसी दौरान यह घटना हुई। कोतवाली पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।