जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से प्रयागराज से सीधी उड़ान की सुविधा मिलेगी। शनिवार को पीएम मोदी के हवाईअड्डे के प्रथम चरण के उद्घाटन करने के साथ ही संगम नगरी के लिए विकास के नए द्वार खुल गए हैं। 11,200 करोड़ की लागत से तैयार यह ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश बल्कि पूर्वांचल और विशेषकर प्रयागराज की अर्थव्यवस्था को नई गति देने वाला साबित होगा।
विमानन कंपनी इंडिगो प्रयागराज से जेवर के लिए सीधी उड़ान शुरू करेगी। इसके लिए नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से अनुमति मिल चुकी है, हालांकि समर शेड्यूल में अभी इसे शामिल होना शेष है। इस सेवा के शुरू होने से प्रयागराज के लोगों को दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट की भीड़भाड़ से मुक्ति मिलेगी और वे सीधे एनसीआर पहुंच सकेंगे। आईजीआई एयरपोर्ट की तुलना में जेवर से नोएडा, ग्रेनो एवं गाजियाबाद की दूरी कम है। प्रयागराज एयरपोर्ट के निदेशक राजेश चावला ने बताया कि प्रयागराज-जेवर उड़ान को डीजीसीए ने मंजूरी दे दी है। जल्द ही समय सारिणी जारी होने की उम्मीद है।