कचहरी परिसर के पास सोमवार दोपहर उस दौरान हंगामा हो गया, जब अवैध खनन के आरोप में गिरफ्तार एक आरोपी को बहरिया पुलिस कोर्ट में पेश करने पहुंची। इस दौरान युवक के पक्ष और दरोगा के बीच बहसबाजी व धक्कामुक्की हुई। कर्नलगंज थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है।
मार्च माह में बहरिया पुलिस ने अवैध खनन के आरोप में नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। विवेचना में युवक का नाम सामने आया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बहरिया थाने में तैनात दरोगा समेत अन्य पुलिसकर्मी सोमवार दोपहर युवक को जिला न्यायालय के समक्ष पेश करने पहुंची।
इस दौरान पुलिस टीम को युवक के पक्ष ने घेर लिया। आरोप था कि पुलिस ने फर्जी तरीके से युवक का नाम एफआईआर में शामिल किया है, जिसे लेकर हंगामा शुरू हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दरोगा से बहसबाजी शुरू हो गई। सूचना पर पहुंची कर्नलगंज पुलिस स्थिति को संभाला। वहीं डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि कोर्ट में पेश करने के दौरान कुछ लोगों से बहसबाजी हुई थी, किसी की तरफ से तहरीर नहीं दी गई है। आरोपी युवक को जिला न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।