चोरी की सात बाइक संग पांच शातिर चोर गिरफ्तार
कैंट पुलिस ने म्योराबाद चर्च के पास से अंतर जनपदीय वाहन चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। बताया कि इनके पास से चोरी की सात बाइकें व तमंचा, कारतूस बरामद हुआ है। पकड़े गए लोगों में आशीष कुमार मिश्रा निवासी बहरिया, मो. इसराइल उतरांव, सौरभ कुमार निवासी प्रतापगढ़, अशोक कुमार पटेल निवासी थरवाई व शिवकुमार पटेल उर्फ गोलू निवासी उतरांव शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह का सरगना आशीष है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्यों ने पूछताछ में बताया कि वह हाईकोर्ट के आसपास, सिविल लाइंस, कर्नलगंज व धूमनगंज आदि क्षेत्रों से वाहन चोरी करते हैं।
चोरी की बाइक संग लुटेरा गिरफ्तार
बहरिया पुलिस ने सिलोखरा तिराहे से शातिर लुटेरे को चोरी की बाइक संग गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए रामू उर्फ अजय यादव निवासी बहरिया ने पूछताछ में बताया है कि बरामद अपाचे बाइक उसने अपने दोस्त कुलदीप यादव निवासी सातनपुर के साथ मिलकर दो महीने पहले शांतिपुरम से चोरी की थी। इसके अलावा पांच जून को सेहुंवाडीह आरडी पब्लिक स्कूल के पास से अपने साथी मनोज यादव, कुलदीप व संदीप यादव के साथ मिलकर स्प्लेंडर प्लस बाइक व 3500 रुपये लूटे थे। इसके अलावा चार जून को बिगहिया में भी एक बाइक लूटी थी। पुलिस ने बताया कि गिरोह का सरगना कुलदीप है। उसकी व अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।