झूंसी। महाकुंभ में पायलट बाबा के शिविर में हुई लाखों की चोरी के घटना की रिपोर्ट माह भर बाद बुधवार को दर्ज की गई। ग्राम बासा पोस्ट करवन्दिया थाना सासाराम जिला रोहतास बिहार के रहने वाले मनीष कुमार सिंह महाकुंभ में पायलट बाबा के सेक्टर-18 लोअर संगम मार्ग स्थित शिविर में कैंप की व्यवस्था देख रहे थे। इनके मुताबिक कैंप के प्रबंधक अनिल सिंह ने उन्हें यह जिम्मेदारी दी थी। सभी अमृत स्नान के बाद महामंडलेश्वर चेतना माता एवं महामंडलेश्वर श्रद्धा माता वापस लौट गईं। इसी बीच 13 फरवरी को शिविर के प्रबंधक अनिल सिंह दिल्ली हरिद्वार आश्रम चले गए। उनके जाने के बाद कैंप में पहले से ही रह रहे हरिचरण उर्फ शंभू गिरि जबरदस्ती महामंडलेश्वर आवास एवं जापानी आवास के कमरे का ताला ग्राइंडर मशीन से कटवाकर अंदर प्रवेश करा दिया। कैंप प्रबंधक ने दो मार्च को को महाकुंभ में वापस लौटे तो रात में हरिचरण उर्फ शंभू गिरि ने अभद्र व्यवहार किया। जान से मारने की धमकी देते हुए श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान, दानपेटी व अलमारी खोलकर उसमे रखे तकरीबन दो लाख रुपये उठा ले गए।