सिविल लाइंस में जीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर अमित सिंह के घर चोरी करने के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को राजापुर कब्रिस्तान गेट के पास से राकेश कुमार सरोज को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 50 ग्राम पीली धातु, 4.98 लाख रुपये और कार बरामद हुई है। वारदात में शामिल राकेश के भाई राजेश और दोस्त गोलू की तलाश की जा रही है।
असिस्टेंट कमिश्नर बीएचएस के पास स्थित साईंधाम अपार्टमेंट में परिवार समेत रहते हैं। 12/13 अप्रैल की रात उनके फ्लैट का ताला तोड़कर लाखों के गहने, 1.5 लाख रुपये और एपल की स्मार्ट वाच चुरा ली गई थी। उस वक्त अफसर परिवार समेत लखनऊ में थे।
सोसाइटी के केयरटेकर राजीव सिंह ने 13 अप्रैल की दोपहर 1:15 बजे फोन से उन्हें घटना की जानकारी दी। 14 अप्रैल को उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई। डीसीपी नगर अभिषेक भारती ने बताया, सीसीटीवी फुटेज में दो चोर नजर आए। छानबीन के दौरान मंगलवार को छोटी अख्तियारी कोटिला, हथिगवां, प्रतापगढ़ निवासी राकेश को दबोच लिया गया।
-
दिल्ली में 15, गुजरात-पश्चिम बंगाल में भी मुकदमे
पूछताछ में राकेश ने बताया कि वह साथियों के साथ घूम-घूमकर बंद घरों की रेकी करता है। इसके बाद मौका पाकर चोरी करता था। आरोपी पर पहले से चोरी के 20 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से 15 दिल्ली, एक-एक पश्चिम बंगाल, गुजरात, लखनऊ व कानपुर व एक केस धूमनगंज में है।
-
प्रधानी का चुनाव लड़ चुका है, दिल्ली में दो फ्लैट
पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रतापगढ़ में ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ चुका है। वह महज पांच वोटों से हार गया था। राकेश के दिल्ली में दो फ्लैट हैं। उसने प्रतापगढ़ में भी आलीशान मकान बनवाया है। चोरी में उसका भाई राजेश और दोस्त गोलू शामिल था। गोलू दिल्ली में उसका पड़ोसी है।