ससुराल से घर लौट रहे एक युवक का गला चाइनीज मांझे ने काट दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए गर्दन बचाने को अपनी उंगली बीच में लगाई लेकिन मांझे में शीशा लगा होने से उंगली में भी गंभीर चोट आ गई। घायल युवक को अस्तपाल ले जाया गया। उपचार के बाद युवक ने कोतवाली पहुंचकर अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
नैनी निवासी ब्रह्मदत्त शर्मा कानपुर स्थित एक कंपनी में मार्केटिंग टीम में काम करते हैं। इन दिनों छुट्टी में वे घर आए हुए हैं। सोमवार शाम लूकरगंज स्थित ससुराल से बाइक पर वह वापस लौट रहे थे। जैसे ही हीवेट रोड स्थित मोतीमहल सिनेमाघर के पास वे पहुंचे, अचानक चाइनीज मांझा उनके गले में बुरी तरह लिपट गया।
मांझे ने उनके गले को बुरी तरह से छील दिया, जिससे वह लहू-लुहान हो गए। बचने के लिए उन्होंने उंगली का सहारा लिया लेकिन मांझे ने उंगली को भी काट दिया। लहू-लुहान हालत में ही वह वहीं गिर पड़े। उनको पास के एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया जहां उनका प्राथमिक उपचार हुआ।
उन्होंने कोतवाली में पहुंचकर अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर कोतवाली के मुताबिक मामला दर्ज कर लिया गया है। उधर, नए यमुना पुल पर अतरसुइया निवासी श्रीकांत मिश्र भी मांझे में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। श्रीकांत अपनी स्कूटी से वापस लौट रहे थे तभी मांझा उनके गले में फंस गया हालांकि कीडगंज पुलिस ऐसी किसी घटना से इंकार करती रही।