सोरांव। सोरांव थाना क्षेत्र के सरायदत्ते गांव के रहने वाले अवधेश कुमार धुरिया (25) की बुधवार रात हत्या कर दी गई। वह गांव में रहने वाले अपने दोस्तों के साथ बारात गया था। रात में दोस्तों ने बताया कि वह गांव के बाहर नहर के किनारे गिर गया है। घर वाले पहुंचे तो देखा अवधेश की हत्या की जा चुकी है। उसके शरीर पर धारदार हथियार के कई निशान थे। घर वालों ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। करीब पांच घंटे तक शव नहीं उठ पाया था। बाद में एसडीएम के आश्वासन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पत्नी की तहरीर पर तीन दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
सोरांव थाना क्षेत्र के सरायदत्ते दली का पूरा गांव का रहने वाला अवधेश कुमार 25 की पड़ोस में रहने वाले अनूप कुमार, आलोक व संदीप से दोस्ती थी। बुधवार शाम अवधेश कुमार अपने तीनों दोस्तों के साथ सहसों में एक बारात में शामिल होने की बात कहकर घर से चला या। देर रात करीब 2 बजे अनूप कुमार , आलोक व संदीप, अवधेश के घर पहुंचे और उसकी पत्नी अंजली देवी से बताया कि अवधेश गांव से बाहर करीब 5 सौ मीटर दूरी पर एक नहर के किनारे गिर गया है। यह सुन अवधेश कुमार की पत्नी अंजली देवी परिजनों को साथ लेकर नहर के पास गई। अवधेश कुमार के शरीर पर अनगिनत चोटों के निशान थे। उस पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। घर वाले उसे तुरंत लेकर बहरिया के मैलहा स्थित सीएचसी पहुंचे जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजन अवधेश कुमार की लाश घर ले आए और दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची सोरांव पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को काफी समझाने बुझाने का प्रयास किया। लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे। अवधेश कुमार का शव करीब 5 घंटे तक घर पर ही पड़ा रहा। परिजन जिलाधिकारी को बुलाने तथा आर्थिक मदद की मांग कर रहे थे। इसके बाद फूलपुर उप जिला अधिकारी सौरभ भट्ट मौके पर पहुंचे और अवधेश की पत्नी अंजली देवी को पांच लाख आर्थिक सहायता तथा जमीन का पट्टा देने का आश्वासन दिया। परिजन शांत हुए तो पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अंजली देवी की तहरीर पर पुलिस ने अनूप कुमार, आलोक व संदीप को गिरफ्तार कर लिया। सोरांव प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि नामजद तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है। रंजिश का कारण घर वाले नहीं बता पाए हैं।