नैनी(इलाहाबाद)। वाराणसी से यहां करछना इलाके में अपनी ननिहाल में आया नवीन (25) मंगलवार दोपहर अरैल घाट पर गंगा में डूब गया। वह अपने ममेरे भाई और उसके दोस्त के साथ गंगा में नहा रहा था तभी तीनों डूबने लगे। मल्लाहों ने फौरन गंगा में उतरकर दो युवकों को बचा लिया लेकिन नवीन गंगा में समा गया। देर शाम तक गोताखोरों ने डूबे युवक की गंगा में तलाश की मगर वह मिला नहीं। खबर पाकर वाराणसी से परिजन आ गए।
वाराणसी में कपसेठी के अधिनापुर गांव निवासी अरविंद सिंह के दो पुत्रों में नवीन सिंह छोटा था। वह बड़े भाई रिंकू और पिता अरविंद के साथ हार्डवेयर की दुकान को संभालता था। 30 मई को नवीन परिवार के साथ करछना इलाके में अपनी ननिहाल में शादी में आया था। शादी के बाद परिजन वाराणसी लौट गए मगर नवीन मामा कामेश्वर के पास रुक गया। मंगलवार दोपहर वह ममेरे भाई अवधेश और उसके दोस्त रीवा जनपद के सपन शर्मा के साथ नैनी के अरैल घाट पर नहाने गया। वे तीनों गंगा में उतरकर नहाने लगे।
मगर वहां पानी गहरा था। वे तीनों गहरे पानी में डूबने-उतराने लगे। घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो मल्लाह उन्हें बचाने के लिए गंगा में कूदे । मल्लाहों ने अवधेश और सपन को बचाकर बाहर निकाल लिया लेकिन नवीन गहरे पानी में समा गया। हालांकि उन दोनों की भी हालत खराब हो गई थी। इसी बीच खबर पाकर नैनी थाने की पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने डूबने से बचे अवधेश पांडेय और सपन को इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर नवीन की तलाश में उतारा लेकिन देर शाम तक उनका कुछ भी पता नहीं चल सका। नवीन के डूबने की खबर उसके ननिहाल पहुंची तो वे भी आ गए। रात में वाराणसी से नवीन के पिता समेत रिश्तेदार आ गए। महिलाओं को समझा-बुझाकर करछना में नवीन की ननिहाल भेज दिया गया।