प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को अब मौसम की मार नहीं झेलनी पड़ेगी। यहां सभी पांच प्लेटफार्म पर रेलवे ने शेड विस्तार का काम शुरू कर दिया है। अभी प्लेटफार्म नंबर एक पर शेड विस्तार का कार्य शुरू किया गया है। यहां पांचों प्लेटफार्म पर तकरीबन 400-400 मीटर का शेड लगाया जाएगा। इस शेड को स्टेशन की मुख्य इमारत से जोड़ा जाएगा। बता दें कि प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन को टर्मिनल के रूप में तकरीबन 100 करोड़ रुपये की लागत से वर्ष 2019 में लगे कुंभ मेले के ठीक पहले विकसित किया गया था। यहां से वर्तमान समय में नौचंदी, हरिद्वार, गंगा-गोमती, ऊंचाहार, सरयू एक्सप्रेस समेत 16 जोड़ी ट्रेनों का आवागमन हो रहा है।
अब रिटायरिंग रूम खुलने का इंतजार
प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन पर रिटायरिंग रूम का निर्माण पिछले वर्ष ही किया जा चुका है, लेकिन इसे अभी तक खोला नहीं गया है। इसके अलावा यहां प्रथम तल पर फूड प्लाजा भी बनाया गया है, लेकिन वह भी बंद है। इसे लेकर पिछले दिनों प्रयागराज पहुंचे लखनऊ मंडल के डीआरएम ने कहा था कि रिटायरिंग रूम और फूड प्लाजा खोले जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं, स्टेशन परिसर में वाहन स्टैंड न होने से भी यात्रियों को परेशानी होती है।