शिवकुटी के गोविंदपुर में शुक्रवार रात एक युवक ने जमकर हंगामा किया। रुपये न देने पर मां-बाप को पीटने लगा। पुलिस पकड़ने पहुंची तो तेजाब फेंक दिया, जिसमें दरोगा राहुल परमार, एसओ दारागंज आशुतोष तिवारी, एसओ शिवकुटी उमेश सिंह समेत छह लोग झुलस गए। हालत गंभीर होने पर दरोगा राहुल को एसआरएन अस्पताल मेें भर्ती कराया गया। जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार दिया गया। उधर, ढाई घंटे तक छकाने के बाद आरोपी पुलिस की पकड़ में आ सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गोविंदपुर में रहने वाले प्यारे मोहन सिन्हा ईश्वर शरण कॉलेज के रिटायर्ड प्रोफेसर हैं। उनके चार बेटों में राजीव (48) तीसरे नंबर पर था। बड़े बेटे सरकारी नौकरी में हैं जबकि, सबसे छोटा समित घर में ही दुग्ध उत्पाद की दुकान चलाता है। पुलिस के मुताबिक, घरवालों ने बताया कि राजीव काफी उग्र स्वभाव का है। वह आए दिन रुपयों के लिए लड़ाई झगड़ा करता है। शुक्रवार शाम सात बजे के करीब भी वह रुपये मांग रहा था।
इंकार पर मां रामेश्वरी को पीटने लगा। पिता बचाने पहुंचे तो उन पर भी हमला कर दिया। बुजुर्ग दंपति की चीखें सुनकर मोहल्ले के लोगों ने सूचना दी तो शिवकुटी थाने की पुलिस पहुंच गई। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी ने खुद को घर के दूसरे तल पर स्थित एक कमरे में बंद कर लिया। काफी प्रयास के बाद भी वह बाहर नहीं आया तो पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़ा। हालांकि इसी दौरान आरोपी ने कमरे में रखा तेजाब पुलिसकर्मियों पर फेंक दिया। इस दौरान शरीर में कई जगह तेजाब पड़ने से दरोगा राहुल परमार गंभीर रूप से झुलस गए। तेज जलन होते ही वह चीखे तो साथी पुलिसकर्मी उन्हें लेकर एसआरएन अस्पताल भागे।
उधर, तेजाब से हुए हमले के बाद पुलिसकर्मी पीछे हट गए। बाद में थाने से और फोर्स पहुंची तो एक बार फिर उसे पकड़ने की कोशिश की गई। इसी दौरान एसओ दारागंज आशुतोष तिवारी, शिवकुटी एसओ उमेश सिंह व तीन अन्य पुलिसकर्मी भी तेजाब फेंके जाने से घायल हो गए। राजीव लगातार तेजाब फेंकता रहा, जिससे उसे पकड़ पाने में पुलिस नाकाम रही। तब तक मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई थी। मौके पर फायरब्रिगेड को भी बुलवाया गया।
ढाई घंटे की मशक्कत के बाद रात 10.30 बजे के करीब सूचना देकर मोहल्ले की बिजली गुल कराई गई। इसके बाद हेलमेट व अन्य सुरक्षा उपकरणों से लैस होकर पुलिसकर्मी घर के भीतर घुसे और आरोपी को दबोच लिया। जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। सीओ रत्नेश सिंह ने बताया कि कुल छह लोग झुलसे हैं जिनमें आरोपी का भाई भी शामिल है। एक दरोगा को एसआरएन में भर्ती कराया गया है। अन्य लोग मामूली रूप से झुलसे जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया है।
पुलिसवालोें को घंटों छकाता रहा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपी पुलिसवालों को घंटों छकाता रहा। कभी वह बारजे पर चढ़ जाता तो कभी भागकर कमरे में घुस जाता। पुलिसकर्मी उसे पकड़ने को आगे बढ़ते तो वह तेजाब फेंकने लगता। इस तरह उसे पकड़ने में पुलिसकर्मी घंटों मशक्कत करते रहे। इस दौरान उस पर दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार भी की। ढाई घंटे बाद उसके पकड़े जाने के बाद न सिर्फ पुलिस बल्कि आरोपी के घरवालों व मोहल्ले के लोगों ने भी राहत की सांस ली।
दो बच्चों संग मायके में रहती है पत्नी
पूछताछ में पता चला कि आरोपी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। लेकिन कोई काम-काज न करने की वजह से अक्सर पत्नी से उसका झगड़ा होता था जिसके बाद वह उसे मारता भी था। इसी से तंग आकर पत्नी दोनों बच्चों को लेकर कई साल पहले मायके चली गई और फिर लौटकर नहीं आई। मौके पर जुटे कुछ लोग आरोपी की मानसिक हालत ठीक न होने की भी चर्चा करते सुने गए। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।
The victim, who was beaten by his parents, threw acid on the police who reached the catch, six scorching- फोटो : CITY DESK