मऊआइमा के किंगरिया का पूरा खानपुर, नई बस्ती में पांच वर्षीय मोहम्मद नाजिम की हत्या संपत्ति के लिए हैवान बने उसके सगे चाचा ने की थी। पुलिस ने आरोपी मो. हासिम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
मऊआइमा के किंगरिया का पूरा खानपुर, नई बस्ती में पांच वर्षीय मोहम्मद नाजिम की हत्या संपत्ति के लिए हैवान बने उसके सगे चाचा ने की थी। पुलिस ने आरोपी मो. हासिम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। इस खुलासे में डॉग स्क्वॉयड के खोजी कुत्ते बॉस की बेहद अहम भूमिका रही। घटना के बाद जांच के दौरान कुछ दूरी पर खून के धब्बे वाला पैंट मिला था। जिसे सूंघने के बाद बॉस सीधे हासिम के घर पहुंच गया था। इसके बाद ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया था।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, हासिम ने पूछताछ में बताया कि वह अपने पिता मो. शकील के साथ अलग मकान में रहता था। जबकि भाई कासिम अपनी पत्नी रूबीन व दो बच्चों के साथ दूसरे मकान में निवास करता था। वह जिस मकान में रहता था वह उसके दादा शकील ने उसे दिया था। हासिम ने बताया कि उसकी भाभी और मृतक बच्चे की मां रूबीना लगातार ही इस मकान में हिस्सा मांग रही थी। आए दिन इस बात को लेकर झगड़ा होता था। इसे लेकर वह कई बार उसे व अपने भाई को धमकी भी दे चुका था।
बताया कि रविवार को उसने भतीजे नाजिम को देखा तो आगबबूला हो गया। भाई व भाभी को सबक सिखाने के लिए ही उसने उसकी हत्या की योजना बनाई। इसके तहत उसने खेल रहे नाजिम को अमरूद देने के बहाने बुलाया और उसे बहलाकर घर से 250 मीटर दूर स्थित झाड़ियों के पास ले गया। इसके बाद उसने चाकू से पहले उसके चेहरे पर दो बार वार किए। वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिरा तो उसका गला रेत दिया। ऐसा करते हुए उसके पैंट पर खून के धब्बे लग गए थे, ऐसे में उसने पास ही स्थित गेहूं के खेत में पैंट उतारकर फेंक दिया और फिर घर चला गया था। डीसीपी गंगानगर अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।