इलाहाबाद। यात्रियों के लिए राहत भरी खबर। अब सफर के दौरान ट्रेन में गंदगी होेने पर यात्री सीधे कंट्रोल रूम में अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। उनकी शिकायत पर रेलवे द्वारा संबंधित ट्रेन में साफ सफाई की व्यवस्था अगले स्टेशन पर मुहैया करा दी जाएगी। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) समेत देश के तमाम जोनल रेलवे में यह सेवा शुरू हो गई है, जबकि बाकी अन्य जोनल रेलवे में यह सेवा जल्द ही प्रारंभ हो जाएगी। उत्तर मध्य रेलवे के इलाहाबाद मंडल ने इसके लिए रेलवे का एक एकीकृत मोबाइल नंबर भी जारी कर दिया है। इस नंबर पर यात्री सीधे फोन करके या एसएसएम कर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
मोदी सरकार बनने के बाद रेल मंत्रालय का साफ सफाई पर विशेष जोर है। इसी कड़ी में रेल यात्रियों को सुखद एवं साफ सुथरी रेल यात्रा देने के क्षेत्र में विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में यात्रा के दौरान ट्रेनों के अंदर साफ सफाई को बेहतर बनाने के लिए एनसीआर के इलाहाबाद मंडल की ट्रेनों में ऑनबोर्ड हाउस कीपिंग सर्विस (ओबीएचएस) की सुविधा दी गई है। इसके लिए रेलवे की ओर से एकीकृत मोबाइल नंबर 9794837755 जारी किया गया है। यह नंबर इलाहाबाद मंडल में चलने वाली ट्रेनों के कोचों में भी लगाए जा रहे हैं। एनसीआर के सीपीआरओ बिजय कुमार के मुताबिक यात्री यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की साफ सफाई संबंधी शिकायतों को इस नंबर के माध्यम दर्ज करा सकते हैं।