कस्बा के रेलवे स्टेशन के बाहर स्थित सामुदायिक शौचालय में ताला लटका हुआ है। इससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लगातार शिकायत के बाद भी जिम्मेदार जन सुविधाओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों ने विभागीय अधिकारियों से कार्रवाई करने की मांग की है।
लालगोपालगंज रेलवे स्टेशन के बाहर यात्रियों की मूलभूत सुविधा के लिए सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि निर्माण के बाद से ही शौचालय में ताला लटका रहता है। ताला बंद होने से सबसे बड़ी समस्या रात्रि के समय स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को उठानी पड़ती है।
प्रतिदिन यात्रा करने वाले रजाकपुर निवासी रंजीत प्रजापति, स्थानीय कस्बा के महमूद आलम, इब्राहिमपुर के लालजी पटेल, कमालपुर के राजेश पटेल आदि ने बताया कि रेलवे प्लेटफॉर्म पर शौचालय की व्यवस्था नहीं है, स्टेशन के बाहर बने सामुदायिक शौचालय में ताला जड़ा है। जब स्टेशन अधीक्षक से शिकायत की जाती है तो उनके द्वारा हीलाहवाली की जाती है। लोगों ने विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराता हुआ रेलवे स्टेशन पर जनसुविधा सुनिश्चित करने की मांग की है।