झूंसी। थाना क्षेत्र के पटेलनगर गांव स्थित गांधी इंटर कॉलेज में मंगलवार को एक शिक्षक ने कॉलेज के भीतर प्रधानाचार्य की जमकर पिटाई कर दी। इससे कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। पूरा विवाद शिक्षक द्वारा लिए गए अवकाश को लेकर शुरू हुआ था। पिटाई का शिकार हुए प्रधानाचार्य झूंसी थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बाद में शिक्षक भी समाजवादी पार्टी के नेताओ, पदाधिकारियों व शिक्षकों के साथ झूंसी थाने पहुंचे तथा प्रधानाचार्य के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। हालांकि देर शाम तक केस नहीं दर्ज किया गया था।
प्रतापगढ़ जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के भंवरी गांव निवासी करूणाशंकर शुक्ल झूंसी के पटेलनगर गांव स्थित गांधी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य हैं। आरोप है कि मंगलवार की सुबह तकरीबन पौने नौ बजे कॉलेज के शिक्षक सुरेश यादव उनके पास पहुंचे तथा सरकारी अवकाश रजिस्टर में अवकाश चढ़ाने को लेकर भिड़ गए। आरोप है कि इस दौरान शिक्षक ने प्रधानाचार्य की जमकर पिटाई की। साथ ही पुलिस से शिकायत पर जान से मारने की धमकी दी। शिक्षक और प्रधानाचार्य के बीच हुए विवाद तथा मारपीट से कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। बाद में प्रधानाचार्य श्री शुक्ल झूंसी थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। कुछ देर बाद आरोपी शिक्षक सुरेश यादव भी समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों व शिक्षकों के साथ झूंसी थाने पहुंचे और प्रधानाचार्य के खिलाफ तमाम तरीके से प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। हालांकि देर शाम तक रिपोर्ट नहीं दर्ज की जा सकी थी। पूरे मामले को लेकर कॉलेज के शिक्षक भी दो धड़ों में बंटे नजर आए।