पिपरांव में जल निगम व्यवस्था चरमराई, ग्रामीणों में आक्रोश
क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पिपरांव में जल निगम की लापरवाही से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में पेयजल आपूर्ति की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि लोग पानी के लिए तरसने को मजबूर हैं।
ग्रामीण राजीव भारतीय, मंगला प्रसाद, संतोष कुमार, कुलदीप, जय राम, राम प्रसाद आदि ने बताया कि कभी सुबह 8,9 या 10 बजे, तो कभी दोपहर में पानी आता है। ऐसे में सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों और कामकाजी लोगों को उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में सुबह 5 बजे पानी की सप्लाई होनी चाहिए, ताकि बच्चे समय से स्कूल जा सकें और परिवार के लोग अपने दैनिक कार्य पूरे कर सकें। जल निगम केंद्र पर कोई स्थायी कर्मचारी और कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं है।
जब जल निगम के जेई अमित गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में एक प्राइवेट व्यक्ति द्वारा संचालन किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि उसे हटाकर किसी दूसरे व्यक्ति को जिम्मेदारी देने की व्यवस्था की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल आपूर्ति का निश्चित समय तय किया जाए और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।