इलाहाबाद। यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर महीने भर के भीतर दूसरी बार बैंकों की हड़ताल के कारण काम-काज पूरी तरह से ठप रहा। बैंकों में ताले नहीं खुले। चेक क्लियरिंग, नकद लेन-देन, आरटीजीएस, सरकारी लेन-देन सहित हर प्रकार का काम प्रभावित रहने से अकेले इलाहाबाद में ही लगभग डेढ़ अरब का कारोबार प्रभावित हुआ। बैंकों में क्लियरिंग के लिए चेक जमा रहे। बैंक अधिकारियों की माने तो नकद लेन-देन केलगभग 20 से 25 करोड़ रूपये का कारोबार प्रभावित हुआ। महीने का पहला सप्ताह होने के कारण एसबीआई एवं पीएनबी में लगभग आठ हजार चेक क्लियरिंग में फंस गए।
हड़ताल के दौरान एटीएम से भी पैसा निकलना बंद हो गया। स्टेट बैंक त्रिवेणी शाखा में सभी एटीएम शाम को बंद हो गए, उनमें पैसा खत्म हो गया। बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने दसवें वेतन समझौते को लागू करने की मांग को लेकर उत्तर क्षेत्र (उत्तर प्रदेश, दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, हिमांचल, उत्तरांचल, मध्य प्रदेश, राजस्थान, जम्मू कश्मीर) में बैंकिंग उद्योग से जुड़े सभी कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इससे पहले बैंक के कर्मचारी-अधिकारी 12 नवंबर को भी हड़ताल पर थे।
यूएफबीयू के आह्वान पर एसबीआई मुख्य शाखा पर हुए धरना प्रदर्शन में एस सेन गुप्ता ने कहा कि आईबीए और सरकार ने अपना अड़ियल रवैया नहीं बदला तो अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लेना पड़ेगा। अनिल सिन्हा ने कहा कि हड़ताल बैंक कर्मचारियों का शौक नहीं बल्कि मजबूरी है। आरके सिन्हा ने कहा कि हड़ताल के कारण ग्राहकों को हुई असुविधा पर उन्हें खेद है। उन्होंने ग्राहकों से सहयोग मांगा। सभा की अध्यक्षता एसएम राम ने की। संचालन लक्ष्मण प्रसाद ने किया। इस मौके पर अनूप टिग्गा, सुशील दुबे, दीपक शर्मा, विनोद खन्ना, आरके सिन्हा, मनीष शुक्ल, एसपी सरोज, ओमनाथ, भगवानदीन मौजूद रहे।
यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के बैनर तले इलाहाबाद के सभी बैंक कर्मियों ने इंडियन बैंक सिविल लाइंस पर वेतन समझौते को लागू करने के लिए प्रदर्शन किया। संयोजक शशिकांत श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार अपने अड़ियल रुख पर कायम है और दो साल से उनके वेतन समझौते को नहीं मान रही है। प्रदर्शन में एस सेन गुप्ता, शिवमूर्ति तिवारी, एसपी दीक्षित, एसबी दुबे, एके कपिला, एसपी शर्मा, दिनेश कुमार, वीके रावल, अमित सिन्हा, डीके मालवीय, एसएस हैदर, सुशील श्रीवास्तव, कल्याण सेन, अमरनाथ, घनश्याम तिवारी, अश्वनी तिवारी शामिल रहे।
बैंक ऑफ बड़ौदा आफिसर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राजदेव के नेतृत्व में कर्मचारियों ने क्षेत्रीय कार्यालय पर प्रदर्शन के साथ कामकाज ठप रखा। कर्मचारियों ने हड़ताल को पूरी तरह से सफल बताया। प्रदर्शन में ओएन सिंह, अतीश मिश्र, संजय श्रीवास्तव, संजीव आनंद, एसके सिंह शामिल रहे। कर्मचारियों ने सरकार से अपनी मांग तत्काल पूरी करने की मांग की नहीं तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इलाहाबाद बैंक स्टॉफ एसोसिएशन की ओर से भी हड़ताल का जोरदार समर्थन किया गया। सिविल लाइंस शाखा पर हुए प्रदर्शन में कैलाश टंडन, एएन पांडेय, सतीश केसरवानी, अनुपम अग्रवाल, श्याम लाल शर्मा, संजय अग्रवाल, बीपी मिश्र सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी अधिकारी शामिल रहे।
यूपी बैंक वर्कर्स फेडरेशन की ओर से प्रदर्शन में विमल चौधरी, एलआईसी के अविनाश मिश्र, हरिश्चन्द्र द्विवेदी, सुब्रत बनर्जी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने सरकार से वेतन समझौते को लागू करने की मांग की। अल्लापुर स्थित यूनाईटेड बैंक ऑफ इंडिया के कर्मचारियों ने महामंत्री एसपी शर्मा, अनिल बारी, रंजीत सिंह, सब्यसाची, उमेश कुमार उपेन्द्र सिंह, निहारिका चौहान, राजापति के नेतृत्व में प्रदर्शन किया।
बैंक में हड़ताल के कारण अकेले भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) में लगभग 23 करोड़ के चेक की क्लियरिंग नहीं हो सकी। इसके साथ पांच से छह करोड़ का नकद लेन-देन प्रभावित हुआ। इन सबके बीच बैंक में 28 से 30 करोड़ रूपये का सरकारी लेन-देन नहीं हो सका। इस प्रकार एसबीआई में ही लगभग 80 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ।