गंगा पंडाल में सांस्कृतिक महोत्सव में लोकगीत प्रस्तुत करते डॉ. आशीष जायसवाल। संवाद
माघ मेला मेें संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित कला संगम सांस्कृतिक संध्या का भव्य समापन शुक्रवार को गंगा पंडाल हुआ। इस अवसर पर दर्शकों ने कलाकारों के लोकगीत, शास्त्रीय संगीत, लोकनृत्य और लोकधुनों का भरपूर आनंद लिया। मुंबई से आए प्रसिद्ध साधो बैंड ने शिव तांडव स्तोत्र, वंदे मातरम जैसी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वहीं, मऊ के चंद्र किशोर पांडेय ने भोजपुरी लोकगीत, गोरखपुर के पुनीत श्रीवास्तव ने भजन, वाराणसी के शास्त्रीय गायक डॉ. आशीष कुमार जैसवाल ने ध्रुपद में शिव स्तुति प्रस्तुत किया। लखनऊ से आए अनुज श्रीवास्तव ने गणेश वंदना, देवी गीत, गंगा भजन, बसंत व होली गीतों की शृंखला प्रस्तुत की।
प्रयागराज की नृत्यांगना सपना द्विवेदी ने कजरी-झिंझिया मिश्रित लोकनृत्य, ऐश्वर्या वर्मा ने कथक की प्रस्तुति दी। मंच संचालन कुमार विकास ने किया। समापन अवसर पर कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी के निदेशक शोभित नाहर व संस्कृति विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र यादव ने अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।