प्रयागराज में एडीएम सिविल सप्लाई विजय शर्मा के बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई। 12 वर्ष का हृदयांश पिता के साथ सर्किट हाउस के बाहर वॉक पर निकला था। इसी दौरान अज्ञात सफेद रंग के वाहन ने टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाने पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सर्किट हाउस के पास तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से शुक्रवार रात एडीएम नागरिक आपूर्ति विजय शर्मा के छोटे बेटे हृदयांश (12) की मौत हो गई। हादसे के दौरान वह पिता के साथ रात का भोजन करने के बाद टहलने निकला था। मूल रूप से जौनपुर निवासी विजय पिछले साल दिसंबर में गोंडा से स्थानांतरित होकर प्रयागराज आए थे। उनके सरकारी आवास में मरम्मत का काम चल रहा था। ऐसे में अस्थायी रूप से सर्किट हाउस में रह रहे थे। दो-तीन दिन में उन्हें शिफ्ट होना था।
विज्ञापन
एडीएम ने बताया, रात करीब 10 बजे वह खाना खाने के बाद हृदयांश के साथ टहलने निकले थे। सर्किट हाउस गेट के सामने से वह कुछ दूर पहुंचे थे, तभी आइसक्रीम लेने के लिए बेटा सड़क पार करने लगा। इस बीच सफेद रंग के वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित भाग निकला। वह बेटे को लेकर बेली अस्पताल पहुंचे, जहां उसे एसआरएन रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने हृदयांश को मृत घोषित कर दिया।
अंतिम संस्कार में शामिल हुए डीएम समेत अन्य अफसर
पुलिस ने बताया, परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे, ऐसे में लिखा-पढ़ी के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। देर शाम रसूलाबाद घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान डीएम के अलावा तमाम अन्य प्रशासनिक अफसर व कलेक्ट्रेट के कर्मचारी घाट पर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी।
विज्ञापन
अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी है। चालक का पता लगाया जा रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। - श्यामजीत प्रमिला सिंह, एसीपी सिविल लाइंस