रसोई गैस को लेकर उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। इलाके की कई गैस एजेंसी पर स्टाक खत्म होने से उपभोक्ताओं को रसोई गैस को लेकर जद्दोजहद करनी पड़ी।
तमाम अफवाहों के बीच इलाके की कई गैस एजेंसियों पर रसोई गैस की किल्लत उत्पन्न हो गई। घरेलू तथा कमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति बाधित होने से आम लोगों के जन जीवन पर असर पड़ा। राधे भारत गैस एजेंसी कौड़िहार के डीलर शिवलाल केसरवानी ने बताया कि दो दिन से बॉटलिंग प्लांट रसोई गैस की आपूर्ति नहीं हुई। इससे थोड़ी समस्या आई है। हालांकि उपभोक्ताओं को बुकिंग कराने पर 12 से 24 घंटे के अंदर डिलीवरी कर दी जाएगी। वहीं उपभोक्ताओं ने बताया दो दिन से रसोई गैस के लिए एजेंसी का चक्कर काट रहे हैं। नवाबगंज पटेल नगर मार्ग तथा कौड़िहार- आनापुर स्थित विभिन्न कंपनियां की गैस एजेंसी में रसोई गैस की कमी बताई गई। उपभोक्ता सईद अहमद, रमेश कुमार तथा दशरथ पाल ने बताया कि दो दिन पहले गैस बुक कराया।
अचानक रसोई गैस की किल्लत से आम लोगों के जनजीवन पर असर पड़ा है। रसोई गैस न मिलने से गांव की महिलाएं लकड़ी व कंडे पर भोजन बना रही है। वहीं रेस्टोरेंट व ढाबों पर लकड़ी व कोयले का इस्तेमाल शुरू हो गया।
अफवाह से रसोई गैस की मांग बढ़ी है। अचानक बुकिंग बढ़ने से सर्वर प्रभावित हो रहा है। बॉटलिंग प्लांट में रसोई गैस की कमी नहीं है। उपभोक्ता धैर्य रखें व वैध कनेक्शन धारकों को बुकिंग कराने के बाद 12 से 24 घंटे के अंदर डिलीवरी कर दी जाएगी।-दिनेश पंकज, डीलर भारत जेसी गैस एजेंसी, लाल गोपालगंज