लालापुर के मदुरी गांव के पास सड़क बनने के एक माह बाद आई दरार
- फोटो : samvad
वर्षों बाद घूरपुर प्रतापपुर सड़क का नवीनीकरण शुरू किया गया। एक तरफ सड़क का नवीनीकरण किया जा रहा है तो दूसरी तरफ सड़क दरकने लगी और गड्ढे बनने शुरू हो गए हैं। जिससे ग्रामीणों ने जिलाधिकारी सहित विधायक बारा को अवगत कराया है।
लालापुर के प्रतापपुर से घूरपुर को जाने वाली तरहार इलाके की मुख्य सड़क जो मुख्यालय से जोड़ती है ,कई वर्षों से खस्ताहाल थी। ग्रामीणों की सैकड़ों बार शिकायत के बाद सड़क का नवीनीकरण करोड़ों रुपये के बजट से शुरू हुआ। सड़क निर्माण शुरू होने पर ग्रामीणों ने घटिया सामग्री का उपयोग करने का आरोप लगाकर संबंधित अधिकारियों से शिकायत की। जब ठेकेदार मनमानी पर उतरा तो एक किसान यूनियन के नेता अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठे तब अधिकारियों ने काम बंद कराकर जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया तो धरना खत्म हो गया।
ग्रामीण दीपक पांडेय, अजय सिंह, मनीष कुमार, कुलदीप पांडेय, दीपेश कुमार आदि ने बताया की मदुरी से लालापुर के बीच बनाई गई सड़क में दरार पड़ गई है, संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया तो उसमें सीमेंट बालू भरा गया पर फिर से दरार आ गई। ग्रामीणों का यह भी आरोप है की ठेकेदार का एक रिश्तेदार सड़क का निर्माण करा रहा है, ठेकेदार अस्वस्थ होने के कारण साइट पर नहीं आते हैं इसलिए घटिया सड़क निर्माण किया जा रहा है।