सीएचसी रामनगर के अंतर्गत आने वाले नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की असलियत ये है कि बीते साल भर से यहां डॉक्टर नहीं हैं। जिस वजह से मरीजों का इलाज नहीं हो पाता है। परिसर में मवेशी बांधे जाते हैं और उपली रखी जाती है। बताया गया कि इस अस्पताल को फिल्म अभिनेत्री नरगिस की याद में उनके पति सांसद सुनील दत्त ने बनवाया था। लेकिन, डॉक्टर के अभाव में अस्पताल में मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा है।
फिल्म अभिनेत्री नरगिस का मेजा के चिलबिला गांव से ताल्लुक था। नरगिस की मां जद्दनबाई यहीं पली बढ़ीं। नरगिस की भी परवरिश इन्हीं गांव की गलियों में हुई। नरगिस को जब कैंसर हुआ तब अभिनेता और सांसद सुनील दत्त मेजा के चिलबिला आए थे। पत्नी की बीमारी को देखते हुए उन्होंने चिलबिला में कैंसर अस्पताल खोलने का वादा किया था। वर्ष 1996 में अस्पताल बनाया गया। जिसे नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नाम से जाना जाने लगा।
लेकिन, शुरुआती दौर से ही अस्पताल में बदइंतजामी हावी हो गई। कुछ वर्षों तक अस्पताल में डॉक्टर और फार्मासिस्ट आए। मरीजों का इलाज किया पर बीते साल भर से यहां न तो चिकित्सक है न ही फार्मासिस्ट। जिससे ग्रामीणों को इलाज के लिए 10 किमी दूर रामनगर सीएचसी जाना पड़ता है। संवाद
डॉक्टर बोले
नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में साल भर से चिकित्सकों की नियुक्ति नहीं हो सकी है। सिर्फ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी शिवजीत को लगाया गया है। अस्पताल में कई लोगों ने मवेशी तो कुछ ने उपली-भूसा रखा है। - डॉ. चंद्रशेखर गुप्ता, सीएचसी रामनगर।
रामनगर सीएचसी में आए दो दिन हुए हैं। प्राथमिकता के आधार पर नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल फार्मासिस्ट को केंद्र पर नियमित रूप से भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित होगी। - डॉ. सुरेश यादव, अधीक्षक, सीएचसी रामनगर।
ग्रामीण बोले
अस्पताल को सांसद सुनील दत्त ने इस उद्देश्य के साथ स्थापित कराया था कि यहां के मरीजों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। लेकिन, वर्तमान स्थिति यह है कि अस्पताल में ताला बंद रहता है। शिकायत के बाद भी कुछ नहीं हुआ। - नरेंद्र शुक्ला, चिलबिला।
अस्पताल में नियमित चिकित्सक के बैठने की व्यवस्था तय करने के लिए कई बार सीएमओ और रामनगर अधीक्षक को पत्र दिया गया है। लेकिन, समस्या जस की तस है। - सोनकली, प्रधान चिलबिला।
अस्पताल में चिकित्सक की नियुक्ति होनी चाहिए। जिससे स्थानीय मरीजों को लाभ मिल सके। सांसद सुनील दत्त द्वारा स्थापित कराए गए नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति बेहद खराब है। - संतोष कुमार शुक्ला, चिलबिला।
फोटो
सोनकली प्रधान चिलबिला
सोनकली प्रधान चिलबिला
सोनकली प्रधान चिलबिला