The President of UPPSC will meet the candidates every week
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. प्रभात कुमार ने प्रतियोगी छात्रों के लिए अपने दफ्तर के दरवाजे खोल दिए हैं। उन्होंने हर सप्ताह प्रतियोगी छात्रों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करने का निर्णय लिया है। वह प्रत्येक बुधवार को दोपहर तीन बजे से अभ्यर्थियों से मिलेंगे। इसके लिए आयोग की ओर से ईमेल आईडी ‘chairmanofficeuppsc@gmail.com’ भी जारी कर दी गई है।
अभ्यर्थियों को आयोग की ओर से जारी ईमेल के माध्यम से मिलने का समय लेना होगा और अभ्यर्थियों को उनके ईमेल पर पर अध्यक्ष से मुलाकात करने की तिथि एवं समय की सूचना दी जाएगी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा, जब आयोग के अध्यक्ष सीधे प्रतियोगी छात्रों से मुलाकात करेंगे। अभ्यर्थियों की हमेशा यही शिकायत रहती थी कि आयोग में उनकी समस्या सुनने वाला कोई नहीं है। यही वजह रही कि प्रतियोगी छात्र अपनी समस्याओं को लेकर अक्सर आयोग में धरना-प्रदर्शन करते रहते हैं और आयोग का कोई एक प्रतिनिधि उनसे ज्ञापन ले लेता है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान उस वक्त बवाल और बढ़ जाता है, जब अभ्यर्थी अध्यक्ष से मिलने के लिए अड़ जाते हैं और अध्यक्ष इसके लिए तैयार नहीं होते हैं। पिछले दिनों इसके कई उदाहरण सामने आए। एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा में धांधली सामने आने के बाद और अवर अभियंता परीक्षा-2013 का रिजल्ट समय पर न देने के मामले में इसी वजह से हंगामा हुआ कि आयोग के अध्यक्ष अभ्यर्थियों से सीधे मिलने के लिए तैयार नहीं थे। ऐसे में नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. प्रभात कुमार का यह निर्णय काफी महत्वपूर्ण है कि वह प्रत्येेक बुधवार को दोपहर तीन बजे से आमजन/अभ्यर्थियों से मिलेंगे।