मीरगंज/फरीदपुर/शेरगढ़। जिले में अभियान चलाकर बृहस्पतिवार को पुलिस ने तीनों नए कानूनों के बारे में आम लोगों को जागरूक किया। इस दौरान भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के सभी प्रावधानों से अवगत कराया गया।
शीशगढ़ पुलिस की ओर से आयोजित गोष्ठी में थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि नए कानूनों में आतंकवाद, मॉब लिंचिंग और संगठित अपराध की स्पष्ट परिभाषाएं दी गई हैं। शेरगढ़ के युवा मंडल विद्यालय और लाजपत राय इंटर कॉलेज में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। शाही के गांधी इंटर कॉलेज और प्रताप इंटर कॉलेज में भी थाना पुलिस ने कार्यक्रम आयोजित किया।
मीरगंज के संत मंगलपुरी इंटर कॉलेज में क्षेत्राधिकारी अजय कुमार, थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह तथा कस्बा इंचार्ज पंकज कुमार ने छात्र-छात्राओं को बताया कि नए कानून में जांच प्रक्रिया को तेज करने के लिए ई-एफआईआर और जीरो एफआईआर जैसी व्यवस्थाएं मजबूत की गई हैं।
फरीदपुर के स्टेशन रोड स्थित चौधरी राजेश्वर सिंह किसान इंटर कॉलेज में छात्रों को थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को नए कानून के बारे में बताया। पुलिस क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि कानून की नई धाराओं में महिला व बच्चों को प्राथमिकता पर रखा गया है। इनके खिलाफ होने वाले अपराधों में सख्त कार्रवाई की जाती है। टिसुआ के आर्यदेव महाविद्यालय में सीओ फरीदपुर संदीप सिंह और भुता थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने चौधरी हरनाम सिंह महाविद्यालय में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।