प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) अपनी नई वेबसाइट शुरू करने जा रहा है और इसके साथ ही वित्त अधिकारी एवं रजिस्ट्रार ऑफिस का पूरी तरह से डिजिटलीकरण किया जाएगा। इन दो महत्वपूर्ण बदलावों के लिए काम शुरू हो गया है। इस मसले पर कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शनिवार को बैठक आयोजित की गई, जिसमें आईसीटी सेल और डिजिटल एजेंसी के बीच पहले दौर की बातचीत संपन्न हुई।
नई वेबसाइट तैयार करने की जिम्मेदारी एक डिजिटल एजेंसी को सौंपी गई है। कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने निर्देश दिए हैं कि नई वेबसाइट इस प्रकार तैयार की जाए, कि छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों एवं अन्य संबंधित लोगों को वेबसाइट के माध्यम से अधिक से अधिक जानकारी मिल सके। वेबसाइट पर अधिक से अधिक सूचनाएं हों और इन्हें आसानी से देखा जा सके। इसके साथ ही वित्त अधिकारी एवं रजिस्ट्रार ऑफिस को भी पूरी तरह से डिजिटलाइज किया जाएगा।
दोनों कार्यालयों का डिजिटलीकरण होने के बाद फाइलों का निस्तारण जल्द हो सकेगा। साथ ही सबकी जवाबदेही तय हो जाएगी। डिजिटलीकरण के बाद यह भी आसानी से पता लगाया जा सकेगा कि कौन सी फाइल कहां पहुंचे और कितने समय बाद आगे बढ़ाई गई। कार्यालयों के कंप्यूटर को लैन से भी जोड़ा जाएगा, ताकि मंत्रालय और यूजीसी को डाटा भेजने में भी आसानी हो। इविवि की पीआरओ डॉ. जय कपूर ने बताया कि दोनों ही दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।