सूबे के ऊर्जा मंत्री एवं योगी सरकार के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने शुक्रवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। हाल ही में अमेरिका में आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी द्वारा दिए गए भाषण का जिक्र करते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी जितना बोलते हैं, कांग्रेस को उतना ही नुकसान होता है। अब अखिलेश यादव ने भी राहुल गांधी की तर्ज पर बोलना शुरू कर दिया है। इन दोनों को ही सूबे की जनता ने मौका दिया था, लेकिन वे फ्लॉप साबित हुए। श्रीकांत शर्मा ने ये बातें सिविल लाइंस स्थित पृथ्वी गार्डन में भाजपा की ओर से आयोजित पिछड़ा वर्ग सम्मान समारोह में कहीं।
पं. दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के तहत हुए सम्मान समारोह में ऊर्जा मंत्री ने राहुल गांधी और पूर्व सीएम अखिलेश यादव की दोस्ती पर तंज कसते हुए कहा, ‘राहुल का कहना है कि हम तो डूबेंगे सनम तुम्हें भी ले डूबेंगे’। आगे कहा कि इस देश को परिवारवाद की नहीं बल्कि विकासवाद की जरूरत है। कहा कि उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए प्रदेश को दलालों से मुक्त करना होगा। प्रदेश सरकार ने यह काम शुरू कर दिया है। कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इच्छा है वर्ष 2020 तक सभी गरीबों को बिजली कनेक्शन मुफ्त में मिल जाएं और उनसे सिर्फ दो रुपये प्रति यूनिट की दर से भुगतान लिया जाए।
इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किया गया। संचालन मनोज कुशवाहा ने किया। इस अवसर पर सांसद श्यामा चरण गुप्ता, विधायक हर्ष बाजपेयी, निवर्तमान मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी, अवधेश चंद्र गुप्ता, मुरारी लाल अग्रवाल, शशि वार्ष्णेय, सुबोध सिंह, राजू शुक्ला, संजय गुप्ता, रवि केसरवानी, पवन श्रीवास्तव, देवेंद्र नाथ मिश्र, श्याम हेला, विशाल अग्रवाल आदि उपस्थित रहे। इस दौरान पिछड़ा वर्ग के 200 लोगों का सम्मान किया गया।
प्रदेश के सभी शहरों में अघोषित विद्युत कटौती के सवाल के जवाब में शुक्रवार को ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि टेक्निकल फॉल्ट और दो इकाइयों में आई खराबी की वजह से ही प्रदेश में बिजली की समस्या आई। हालांकि, इसे अब दुरुस्त किया जा रहा है। अक्तूबर के पहले सप्ताह से विद्युत व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी। अफसरों को निर्देश दिया है कि गांव में दिन के वक्त कटौती न की जाए। धान की फसल तैयार है और बारिश भी इस बार कम हुई है। इस वजह से भी लोड बढ़ा है। पहले दिन में 15 हजार मेगावाट की मांग थी, लेकिन अब 17 हजार मेगावाट भी पार हो जा रहा है। हर रोज 20 करोड़ रुपये की बिजली खरीदी जा रही है। संवाददाताओं से हुई बातचीत में श्रीकांत शर्मा ने कहा कि बिजली की जर्जर व्यवस्था हमें विरासत में मिली है। इसे दुरुस्त करने में थोड़ा समय लग सकता है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर श्रीकांत शर्मा ने कहा कि योगी सरकार में अपराधियों की जगह जेल में है। स्वास्थ्य विभाग में जो खामियां हैं, उसे भी दूर किया जा रहा है।