लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर नगर कोतवाली के सरायबहेलिया गांव के पास कार सवार बदमाशों ने सुलतानपुर के रहने वाले चालक सुब्बन को बंधक बनाकर पिकअप, 15 हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया। चालक को पीटने के बाद लहूलुहान हालत में गजेहड़ा जंगल में पेड़ से बांधकर बदमाश भाग निकले। रात में किसी तरह चालक ने शनिदेव पुलिस चौकी पहुंचकर आपबीती सुनाई।
सुल्तानपुर के केएनआई वल्लीपुर निवासी सुब्बन पुत्र ठाकुरदीन पिकअप चलाता है। रविवार की रात वह पिकअप लेकर मिर्जापुर जिले के करमा मंडी टमाटर लेने जा रहा था। नगर कोतवाली के सराय बहेलिया में रात करीब 12 बजे कार सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। सिर पर तमंचा से प्रहार करने के बाद गमछे से उसका चेहरा बांध दिया। सिर पर चोट लगने के कारण वह बेहोश हो गया। बदमाशों ने उसकी पिकअप गाड़ी, जेब से 15 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया।
इसके बाद बदमाश सुब्बन को गाड़ी से लेकर गजेहड़ा जंगल पहुंचे। उसे जंगल के बीच पेड़ से बांधकर भाग निकले। होश में आने पर वह किसी तरह रस्सी खोलने में कामयाब रहा। हाईवे पर आने के बाद वह ग्रामीणों की मदद से शनिदेव पुलिस चौकी पहुंचा। उसकी आपबीती सुन पुलिसकर्मियों ने कोतवाली पुलिस को घटना से अवगत कराया। घायल चालक को जिला अस्पताल भेजा गया। नगर कोतवाल ने बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
गायब थी हाईवे की गश्ती पुलिस
पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीणा के प्रयास के बाद भी रात में गश्त करने वाली पुलिस मनमानी करने से बाज नहीं आ रही है। सोमवार की रात हाईवे पर कार सवार बदमाशों ने पिकअप चालक को पीटकर लूट लिया। दो घंटे तक बदमाश सरायबहेलिया से गजेहड़ा तक भागदौड़ करते रहे। मगर न तो उन्हें कोतवाली पुलिस देख सकी और न ही मानधाता पुलिस। जिसके चलते बदमाश पिकअप लूटने के बाद भागने में कामयाब रहे।