करछना (ब्यूरो)। पुलिस ने मुठभेड़ में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों ने पुलिस पर बम से हमला किया। इस दौरान चार बदमाश गिरफ्तार कर लिए गए। जबकि एक बदमाश भाग निकला। बदमाशों के पास से तमंचा, पिस्टल और चोरी की बाइक मिली है।
थानाध्यक्ष करछना एसएन त्रिपाठी, उपनिरीक्षक रामआशीष यादव, हेड कांस्टेबिल प्रहलाद सिंह, रमेशचन्द्र यादव, ओमप्रकाश यादव, नरेन्द्र गुप्ता, हनुमान सिंह के साथ गुरुवार शाम 5 बजे बेला चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली की जारी रोड पर सहलोलवा नाला पुलिया के पास पांच बदमाश कोल्ड ड्रिंक की कलेक्शन गाड़ी को लूटने की तैयारी में हैं। सूचना पर पुलिस सहलोलवा नाला पुलिया के पास पहुंच गई। पुलिस को देखकर दो व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल स्टार्ट करने लगे। पुलिस ने जब बदमाशों को ललकारा तो बदमाशों ने पुलिस पर बम से हमला कर दिया। हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर चार बदमाशों को पकड़ लिया। जबकि एक बदमाश भाग निकला। पकड़े गए बदमाशों में राकेश पासी पुत्र भुल्लन निवासी अकोढ़ा थाना कौंधियारा, नीरज सिंह उर्फ पिंकु पुत्र चन्द्रभान सिंह निवासी न्यू सोहबतिया बाग, सुनील उर्फ नगीना पुत्र बद्री प्रसाद पटेल निवासी हिन्दूपुर थाना करछना, ब्रहमदेव द्विवेदी पुत्र बुद्धिमान प्रसाद निवासी कैथवल थाना खीरी शामिल हैं। जबकि मौके से फरार अपराधी अखिलेश सिंह की तलाश है। बदमाशों के कब्जे सेपिस्टल 6 जिन्दा कारतूस, दो तमंचा, कारतूस, 16 देशी बम तथा दो चोरी की मोटर साइकिल बरामद हुई। पकड़े गये बदमाशों ने बताया कि नैनी से जारी जाने वाली कलेक्शन गाड़ी प्रतिदिन तीन लाख रुपए कैश लेकर जाती है, उसी को वे लूटने की फिराक में थे। बदमाशों पर सिविल लाइंस, जार्जटाउन, सराय इनायत, करछना, कौंधियारा आदि थाने में हत्या के प्रयास, लूट, गैगस्टर के अपराध दर्ज हैं।