प्रयागराज। प्रेम विवाह करने वाली फूलपुर में तैनात लेखपाल दिव्या सिंह ने ऑनर किलिंग का खतरा जताया है। उसने एसएसपी से शिकायत करते हुए कहा है कि पिता ने उसके अपहरण का फर्जी मुकदमा दर्ज कराया है। जिसकी जानकारी देने के बावजूद फूलपुर पुलिस उसके पति व ससुरालीजनों का उत्पीड़न कर रही है। एसएसपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मूल रूप से फतेहपुर खागा के कुसुम्भा अहमदपुर की रहने वाली दिव्या का परिवार शहर में धूमनगंज के मुंडेरा में रहता है। उसका कहना है कि उसके पिता संतोष सिंह एक शराबी से उसकी शादी कराना चाहते थे। जिसके बाद उसने अपनी मर्जी से अभय मिश्रा निवासी गारापुर सोरांव से अपनी मर्जी से शादी कर ली। आरोप है कि इसकी जानकारी पर पिता ने मारपीट करते हुए उसकी हत्या की योजना बना ली। जिस पर वह घर छोड़कर अपने पति के साथ छिपकर रह रही है। उधर पिता ने फूलपुर कोतवाली में उसके पति, ननद पर अपहरण का झूठा केस दर्ज करा दिया। साथ ही फोन पर उसे व उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। भुक्तभोगी ने शनिवार को मामले की लिखित शिकायत एसएसपी से की। जिसके बाद उन्होंने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
हाईकोर्ट से लगाई है सुरक्षा की गुहार
उधर शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ जिसमें लेखपाल यह कहते हुए दिखाई दे रही है कि उसे व पति को उसके ही पिता से जान का खतरा है। वह यह भी कह रही है कि उसने सुरक्षा के लिए हाईकोर्ट में भी याचिका दाखिल कर गुहार लगाई है। उनका यह भी आरोप है कि शादी का पंजीयन प्रमाणपत्र भेजने के बावूजद फूलपुर पुलिस उसके ससुराल पक्ष का उत्पीड़न कर रही है।
चार दिन पहले दर्ज कराई थी रिपोर्ट
लेखपाल के पिता की ओर से फूलपुर कोतवाली में चार दिन पहले बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जिसमें प्रेमी अभय व उसकी बहन अंजलि के साथ ही सौरभ सिंह बहरिया को भी नामजद कराया था। आरोप था कि 16 नवंबर को समाधान दिवस कार्यक्रम में शामिल होने जाते वक्त अभय व सौरभ ने उसकी बेटी को अगवा कर लिया। हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत मिली है। फूलपुर पुलिस से कहा गया है कि महिला का आयु प्रमाणपत्र लेकर न्यायालय के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाए।
सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी