इलाहाबाद, 25 दिसंबर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश खंडपीठ के विरोध में इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं की हड़ताल के 14वें दिन के क्रम में हाईकोर्ट गेट पर लगातार दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी क्रमिक अनशन जारी रहा। वकीलों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसएशन के पूर्व सदस्य, महान शिक्षाविद एवं विधि विशेषज्ञ महामना मदन मोहन मालवीय को उनकी 153वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें भारत रत्न दिए जाने की घोषणा पर राष्ट्रपति के प्रति आभार जताया।
इस मौके पर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडेय, महासचिव डॉ. सीपी उपाध्याय एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश खंडपीठ के विरोध में जारी आंदोलन पूरे अनुशासन के साथ विजय की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर को क्रमिक अनशन की अगुवाई विधायक एवं अधिवक्ता अनुग्रह नारायण सिंह और एसोसिएशन के पूर्व महासचिव प्राणेश दत्त त्रिपाठी करेंगे। बृहस्पतिवार को हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष शिव सिंह यादव के नेतृत्व में हुए क्रमिक अनशन में शैलेंद्र कुमार द्विवेदी, जमीन अहमद आजमी, संजीव कुमार सिंह, आरबी चौधरी, अभिषेक चौहान, दुर्गेश चंद्र तिवारी, अजय मौर्या, संतोष उपाध्याय, विजय दुबे, हरीश शुक्ला, अरुण गुप्ता, आलोक शुक्ला, माधवेंद्र मिश्र, भरत लाल शर्मा, चंचल राय, कृष्ण कुमार सिंह, संदीप सिंह, अनिल श्रीवास्तव, सुरेश कुमार विद्यार्थी शामिल रहे। अपर महाधिवक्ता अशोक पांडेय ने शाम चार बजे जूस पिलाकर अधिवक्ताओं का अनशन तुड़वाया। उधर, यंग लॉयर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी और विधि विशेषज्ञ एवं महान शिक्षाविद् को भारत रत्न दिए जाने की घोषणा कर स्वागत किया।
स्वागत करने वालों में जेेबी सिंह, सतोष त्रिपाठी, आरपी तिवारी, बीडी पांडेय आदि शामिल रहे। इसके अलावा अधिवक्ता अजय कुमार, विमल चंद्र श्रीवास्तव, प्रिय रंजन राय, अभिषेक पांडेय, अभिषेक यादव, संतोष सिंह, सतीश प्रताप सिंह और बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार शुक्ल ने भी अटल बिहारी बाजपेयी और मदन मोहन मालवीय को भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिए जाने की घोषणा का स्वागत किया।
पचिमी उत्तर प्रदेश खंडपीठ के समर्थन में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मी कांत बाजपेयी ने जो बयान दिया, उसके खिलाफ व्यापारी एकता समिति के प्रतिनिधियों ने बृहस्पतिवार को घंटाघर चौराहा पर गृह मंत्री का पुतला फूंका और मांग की कि सुप्रीम कोर्ट की एक बेंच इलाहाबाद में स्थापित की जाए। पुतला दहन करने वालों में विजय गुप्ता, राम प्रसाद यादव, अतुल खन्ना, बृजेश निषाद, कुलदीप सिंह, विनोद अग्रहरि, सुनील अग्रहरि आदि शामिल रहे। वहीं, जनकल्याण समिति की शिवकुटी में हुई बैठक के दौरान समिति के अध्यक्ष कमलेश तिवारी एवं सदस्यों ने भी खंडपीठ के खिलाफ जारी आंदोलन को पूरा सहयोग देने की घोषणा की।