स्मार्ट सिटी के फेज वन में बनी सड़कों की गुणवत्ता जांची जाएगी। कार्यदायी संस्थाएं अनुबंध शर्तों के अनुरुप मरम्मत कार्य कर रही हैं या नहीं, जांच के दायरे में यह बिंदु भी खास रहेगा। इस संबंध में मंडलायुक्त रमेश कुमार ने निर्देश दिए। वह बृहस्पतिवार को स्मार्ट सिटी से संबंधित कार्यों की प्रगति जानने को समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बिंदुवार कार्यों की जानकारी ली। उन्होंन कहाकि लॉक डाउन में कार्य बाधित हुआ है। अब काम शुरू कराएं, तेजी लाएं लेकिन ध्यान रखें कि यातायात बाधित न हो। मंडलायुक्त ने स्मार्ट सड़कों, बस शेल्टर, बस वे लेन, नाइट मार्केट, ओपेन एयर जिम, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज, स्मार्ट पार्किंग, पौधरोपण, टेंपो और रिक्शा स्टैंड, सेल्फी प्वाइंट, पुलिस बाडी वार्म कैमरों के संबंध में जानकारी ली।
स्मार्ट सिटी कंपनी के सीईओ नगर आयुक्त रवि रंजन ने बैठक में कमिश्नर को जानकारी दी कि प्रस्तावित कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा कराने की योजना है। उन्होंने बताया कि शहर की आठ प्रमुख सड़कों पर स्थलों का चयन कर थ्री डी पेंटिंग कराई जाएगी। यह काम बारिश के बाद शुरू होगा। स्मार्ट सिटी फेज थ्री में पुलिस कर्मियों को बॉडी वार्म कैमरा तथा पुलिस गाड़ियों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की योजना है। साथ ही ओपेन एयर जिम, पार्कों के सौंदर्यीकरण आदि के बारे में बताया। बैठक में सभी विभागों के अफसर मौजूद रहे।