इलाहाबाद। बेमौसम बारिश ने छुट्टी का मजा किरकिरा कर दिया। सड़क, गलियों में कीचड़, जलभराव के कारण रविवार को पूरे दिन लोग घरों में कैद रहे। शाम को फिर से मौसम खराब हुआ। इसकी वजह से बाजारों में रौनक भी खत्म हो गई।
शहरियों के लिए रविवार का दिन ठीक नहीं रहा।
सुबह से रुक-रुक बारिश होती रही। दोपहर में कुछ देर काफी तेज बारिश भी हुई। इसकी वजह से अल्लापुर, बैरहना, नखास कोहना, लीडर रोड पर इलाहाबाद जंक्शन के सामने, कोठापार्चा, बहादुरगंज, मीरापुर, अतरसुइया, रामबाग, बाई का बाग आदि मोहल्लों की सड़क, गलियों में जलभराव हो गया। ज्यादातर मोहल्लों में कीचड़ के कारण गंदगी फैल गई। शहर के ज्यादातर डंपिंग ग्राउंड पर कूड़े का अंबार लगा है। बारिश की वजह से वहां स्थिति और खराब हो गई।
नगर निगम की गाड़ियों को निर्धारित मात्रा में तेल नहीं मिल रहा है, जिससे गाड़ियां हर डंपिंग ग्राउंड तक नहीं पहुंच पा रही हैं। रोज न उठने के कारण डंपिंग ग्राउंड और उसके पास काफी दूर तक फैला कूड़े के कारण बारिश में समस्या और बढ़ गई है। कूड़े से उठती दुर्गंध भी लोगों को परेशान कर रही है। सोमवार को इसी तरह मौसम रहा तो स्थिति और खराब होगी।