घर-घर कूड़ा उठाने की योजना शहर में चरमरा गई है। दरअसल, कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां कई मोहल्लों में रोजाना पहुंच नहीं रही हैं। कुछ मोहल्लों में गाड़ियां पहुंच भी रही हैं तो उनका समय तय नहीं है। जब-तब पहुंचकर चुपके से निकल जाती हैं।
गाड़ियों में बजने वाला गाना... ''''गाड़ी वाला आया घर से कचरा निकाल'''' सुनाई नहीं पड़ता। इससे लोगों को घर से कूड़ा निकालने का मौका ही नहीं मिलता। घरों में कूड़ा दो-दो दिन रखा रहता है। अब तो कचरा उठाने वाली गाड़ियों के लिए ये लाइन ज्यादा सटीक बैठती है कि... गाड़ी वाले बोल, कब कचरा निकालूं।
मजबूरी में लोग सड़क के किनारे या फिर खाली प्लाॅट में फेंक देते हैं। बाद में मवेशी इसी कूड़े को सड़क में फैला देते हैं। हवा चलने से भी कूड़ा मोहल्ले और गलियों में फैल जाता है। इस वजह से लगभग पूरा शहर गंदगी की समस्या से जूझ रहा है। बारिश होने पर यह समस्या गंभीर हो जाएगी। जलभराव के बाद जब कूड़ा सड़कों-गलियों में उतराएगा तो बीमारियां फैलने का डर बना रहेगा।
यहां रोजाना नहीं आती गाड़ी
बेनीगंज, चकिया, आनंदपुरम, लूकरगंज, राजरूपपुर, कालिंदीपुरम, खुल्दाबाद, हिम्मतगंज, रसूलाबाद, प्रीतम नगर, मुंडेरा सहित कई इलाकों में कूड़ा उठाने वाली गाड़ी रोजाना नहीं पहुंच रही है।
यहां कूड़ा उठाने का कोई समय नहीं
सिविल लाइंस, मेंहदौरी, अल्लापुर, बाघम्बरी गद्दी, दारागंज, बहराना, शिवकुंटी, तेलियरगंज, गोविंदपुर, मधवापुर, रामबाग, राजापुर, कीडगंज व कई अन्य मोहल्लों में कूड़ा उठाने वाली गाड़ी के आने का कोई समय तय नहीं है।
पार्षदों ने किया प्रदर्शन
नगर निगम में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान पार्षदों ने घर-घर कूड़ा उठाने वाली संस्था के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने व्यवस्था को तत्काल बदलने की मांग उठाई। प्रदर्शन में पूर्व पार्षद मुकुंद तिवारी व पार्षद कमलेश तिवारी मांगों से संबंधित ज्ञापन नगर आयुक्त को सौंपा।
जनता की पीड़ा
कूड़ा उठाने वाली गाड़ी रोज नहीं आती है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। -सूरज कुमार, राजापुर
घरों का कूड़ा सड़कों पर आ गया है। पता नहीं कैसे काम चल रहा है। - चेतानू केसरवानी, कीडगंज
कूड़ा उठाने में लापरवाही हो रही है। दोनों कार्यदायी संस्था को हटा देना चाहिए। -कमलेश तिवारी, पार्षद
घर-घर कूड़ा उठाने के मामले में संस्था का दम निकल गया है। ऐसी संस्था को तत्काल हटा देना चाहिए। - मीनू तिवारी, पार्षद
गाड़ियां व सारी व्यवस्थाएं नगर निगम की हैं। ऐसे में किसी कार्यदायी संस्था को काम देने से अच्छा है खुद नगर निगम कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी संभाले। - विनय मिश्रा, पार्षद
घर-घर कूड़ा उठाने के मामले में लापरवाही की बात सामने आई है। कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। जोन-तीन और चार में नई कार्यदायी संस्था का चयन हो रहा है। अगर यही हाल रहा तो अन्य जोन में भी कार्यदायी संस्था को बदला जाएगा। - सीलम साई तेजा, नगर आयुक्त
कुर्मियाना बस्ती राजापुर में एक प्लॉट में पड़ा कूड़ा कचरा । संवाद
कुर्मियाना बस्ती राजापुर में एक प्लॉट में पड़ा कूड़ा कचरा । संवाद
कुर्मियाना बस्ती राजापुर में एक प्लॉट में पड़ा कूड़ा कचरा । संवाद
कुर्मियाना बस्ती राजापुर में एक प्लॉट में पड़ा कूड़ा कचरा । संवाद