सोशल मीडिया पर जंजाल फैलाए ठगों ने बीते साल प्रयागराज के 15 लोगों से 80 लाख रुपये उड़ा लिए। इनके झांसे में फंसे लोगों में अधिकांश पढ़े-लिखे लोग ही नहीं हैं, बल्कि सेवानिवृत्त पुलिस और बैंककर्मी तक हैं। पुलिस पांच मामलों में कार्रवाई करते हुए 40 लाख रुपये बरामद कर चुकी है। हालांकि, जनवरी-24 में भी दो मामलों में 22 लाख रुपये ठगे गए हैं।
ठग कई तरह का लालच देकर लोगों को अपने जाल मेें फंसाते हैं। कभी वीडियो लाइक करने, ऑनलाइन बुकिंग, फोन पर करीबियों की आवाज निकालकर मदद मांगने जैसे ऐसे तरीके अपनाते हैं कि लोग जिंदगी भर की गाढ़ी कमाई गंवा बैठते हैं। अभी तक पुलिस के पास ऐसा कोई तंत्र नहीं है कि साइबर क्राइम को होने से पहले ही रोक दे या किसी के साथ घटना हो जाने पर आसानी से ठगों को पहचान करके लोगों के पैसे दिला सकें।
बात अगर पांच लाख रुपये से अधिक के आंकड़ों की करें तो वर्ष 2023 में ही साइबर थाने में ऐसे 15 मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें कुल 80 लाख रुपये की ठगी की गई। ठगी के शिकार ज्यादातर सरकारी नौकरी करने वाले लोग ही हैं। मई-2023 में सेवानिवृत्ति कर्मचारी राजकुमार के खाते से साइबर ठगों ने 20 लाख रुपये उड़ा दिए। एफआईआर दर्ज होने के करीब पांच महीने बाद पांच आरोपी झारखंड से दबोचे गए। इनसे पांच फोन व 15 एटीएम कार्ड बरामद किए गए थे।
सेवानिवृत्त दरोगा तक से ठगे 10 लाख
साइबर ठगों के लुभावने मायाजाल में एक सेवानिवृत्त दरोगा तक फंस चुके हैं। फर्जी ट्रेजरी अफसर बनकर ठग ने दरोगा के खाते में ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने के बहाने ओटीपी पूछ लिया और खाते की पूरी रकम पार कर दी। पुलिस इस ठग को गिरफ्तार करके 9.93 लाख रुपये बरामद कर चुकी है। उससे एक मोबाइल फोन, 11 बैंकों की पासबुक, पांच चेकबुक और 15 एटीएम कार्ड समेत अन्य चीजें बरामद की गई हैं।
पुलिस कर रही जागरूक
साइबर थाना इंस्पेक्टर राजीव कुमार तिवारी बताते हैं कि कई साइबर ठगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साइबर ठगी की घटनाएं रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
साइबर ठगी से बचा सकती हैं काम की ये बातें...
एडिश्नल डीसीपी (क्राइम) सतीश चंद्र के सुझाव ठगी से बचाव में काफी अहम सिद्ध हो सकती हैं।
- कंपनी या संस्थानों की अधिकृत वेबसाइट पर ही भरोसा करें।
- कोई आपको मुफ्त कुछ नहीं देने वाला। लिहाजा, किसी तरह के लालच या ऑफर के झांसे में न आएं।
- अनजान व्यक्ति की बातों पर यकीन न करें।
- फेसबुक, एक्स या यूट्यूब का अकाउंट मजबूत रखें।
- सोशल मीडिया पर आने वाले अनजान लिंक पर क्लिक न करें।