अगर 31 मई के बाद लॉक डाउन समाप्त होता है और यातायात के साधन सामान्य होते हैं तो इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) प्रशासन वार्षिक एवं सेमेस्टर परीक्षाओं का नया कार्यक्रम घोषित कर देगा। लॉक डाउन से पहले 45 दिन की परीक्षाएं बची थीं, जो अब एक माह के भीतर पूरी कराए जाने की तैयारी है। प्रस्तावित कार्यक्रम लगभग तैयार है और कुलपति को इस पर अंतिम मुहर लगानी है।
इससे पहले इविवि प्रशासन ने एक जुलाई से स्नातक और 16 जुलाई से परास्नातक एवं विधि की परीक्षाएं कराने की घोषणा की थी। हालांकि प्रस्तावित परीक्षा कार्यक्रम घोषित होने के बाद जब यह बात सामने आई कि 30 जून तक सामान्य यात्री ट्रेनों का संचालन बंद रहेगा तो इविवि प्रशासन को यह कार्यक्रम भी स्थगित करना पड़ा। रेलवे ने अब एक जून से 200 ट्रेनों का संचालन शुरू किए जाने की घोषणा की है। ऐसे में 31 मई के बाद लॉक डाउन हटता है तो विश्वविद्यालय प्रशासन को नया परीक्षा कार्यक्रम घोषित करना होगा। हालांकि इविवि प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती सोशल डिस्टेंसिंग के साथ परीक्षाओं का आयोजन कराना है। इविवि के कुछ संघटक कॉलेजों ने जगह पर्याप्त न होने के कारण सोशल डिस्टेंसिंग के साथ परीक्षा कराने में असमर्थता जताई है और इविवि प्रशासन अब इस समस्या के समाधान के साथ नया परीक्षा कार्यक्रम तैयार कर रहा है।
सूत्रों का कहना है कि परीक्षा कार्यक्रम लगभग तैयार है। 31 मई का इंतजार किया जा रहा है। अगर लॉक डाउन को समाप्त किया जाता है और जुलाई में परीक्षा कराने की स्थिति बनती है तो कुलपति से मंजूरी लेकर इविवि प्रशासन नया परीक्षा कार्यक्रम जारी कर देगा। सूत्रों के मुताबिक नया कार्यक्रम इस प्रकार बनाया गया है कि 45 दिन की परीक्षाएं 30 दिन के भीतर पूरी करा ली जाएंगी और विश्वविद्यालय समेत सभी संघटक महाविद्यालयों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी आसानी से कराया जा सकेगा। इसके लिए इविवि प्रशासन पेपर के प्रारूप में भी बदलाव कर सकता है। साथ ही कुछ अन्य महत्वपूर्ण परिवर्तन भी हो सकते हैं।