हंडिया के सैदाबाद स्थित दूसौती गांव में पंफलेट लगाकर गली में समुदाय विशेष का आना वर्जित कर दिया गया। मामले की जानकारी हुई तो पुलिस मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल के बाद छह लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई, जिनमें से तीन को गिरफ्तार भी कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हंडिया के सैदाबाद में दो दिन पहले समुदाय विशेष का एक व्यक्ति कोरोना से संक्रमित पाया गया था। पुलिस ने इस इलाके से सटे आसपास के गांवों में भी बैरिकेडिंग कर आवागमन निषेध कर दिया था। इसी क्रम में दुसौती गांव में पंचायत भवन के बगल से होकर जाने वाले रास्ते पर भी बैरिकेडिंग की गई थी। एक दिन पहले कुछ लोगों ने बल्लियों से की गई बैरिकेडिंग पर एक पम्फलेट लगा दिया। इसमें समुदाय विशेष के बारे में अपमानजनक शब्दों के साथ यह भी लिखा गया कि यहां उनका आना वर्जित है।
prayagraj news
- फोटो : prayagraj
यही नहीं, छह लोगों ने इस पंफलेट के साथ ही एक तस्वीर भी खिंचवाई। रविवार को यह यह तस्वीर किसी ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। मामले की जानकारी अफसरों को हुई तो उन्होंने हंडिया पुलिस को मौके पर भेजा। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने मामले में छह लोगों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की।
हंडिया इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि तस्वीर में जो छह लोग दिखाई दे रहे हैं, उनकी पहचान कर ली गई है। इनके खिलाफ चौकी प्रभारी की तहरीर पर धार्मिक भावनाएं भड़काने, दो समुदायों में वैमनस्यता फैलाने समेत अन्य आरोपों में एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें संजय कुमार, अश्विनी पांडे, शिव बाबा को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अरुण कुमार, अनिल कुमार व विकास की तलाश की जा रही है।