The entrance exams will be conducted in May
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए परीक्षाएं मई में आयोजित की जाएंगी। प्रवेश समिति की कोर कमेटी के गठन की प्रक्रिया पूरी होते ही मंगलवार को बैठक कर इस बाबत निर्णय लिया गया। यह भी तय हुआ कि सभी प्रवेश जून में पूरे कर लिए जाएंगे और एजेंसी के चयन के लिए जल्द ही टेंडर निकाला जाएगा।
प्रवेश समिति के चेयरमैन प्रो. डीके चौहान की अध्यक्षता में हुई प्रवेश कोर कमेटी की बैठक में तय किया गया कि स्नातक, परास्नातक और संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा इस साल मई में आयोजित की जाएगी। साथ ही जून में सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। कोर कमेटी की बैठक में प्रवेश परीक्षा की फीस कम किए जाने पर भी चर्चा हुई लेकिन पिछले दिनों हुई वित्त समिति की बैठक ने पहले ही इस पर आपत्ति दर्ज करा दी थी। वित्त समिति का तर्क था कि आंतरिक स्नोतों से आय बढ़ाने की जरूरत है।
ऐसे में फीस बढ़ाई जानी चाहिए। हालांकि कोर कमेटी ने तय किया कि फीस नहीं बढ़ाई जाएगी, बल्कि पिछले वर्ष जो फीस थी, वही इस बार भी लागू रहेगी। सूत्रों के मुताबिक कमेटी ने प्रवेश परीक्षा की प्रस्तावित तारीखें भी तय कर ली हैं लेकिन इस पर अंतिम मुहर अभी नहीं लगी है। परीक्षा कराने वाली एजेंसी का चयन होने के बाद एजेंसी से सहमति लेकर परीक्षा तिथि पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
छह सदस्यी कोर कमेटी का गठन
इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए छह सदस्यीय कोर कमेटी का गठन किया गया है। प्रवेश समिति के निदेशक प्रो. प्रशांत अग्रवाल की ओर से जारी पत्र के अनुसार जेके इंस्टीट्यूट के प्रो. आशीष खरे, एके बनर्जी सेंटर के डॉ. शैलेंद्र राय, विधि विभाग के डॉ. हरिबंश सिंह, शिक्षा शास्त्र विभाग के प्रो. धनंजय यादव, कॉमर्स विभाग के प्रो. आरके सिंह को सदस्य नियुक्त किया गया है जबकि राजीव गुप्ता कुलपति की ओर से सदस्य के रूप में नामित किए गए हैं।