एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में एक दिन पहले ई-रिक्शा चालक की मौत के साथ इंसानियत तार-तार करने वाली एक घटना हुई। चालक मृत पड़ा रहा और चोर उसकी जेब से 60 रुपये निकाल ले गए। यही नहीं उसका ई-रिक्शा कुछ दूर ले जाकर उसकी बैटरी भी निकाल ली। मामला सामने आने के बाद परिजनों ने अज्ञात में एफआईआर दर्ज करा दी है लेकिन पुलिस चोरों का दूसरे दिन भी कोई सुराग हासिल नहीं कर सकी है।
अशोक पाल (50) एयरपोर्ट क्षेत्र के असरावल कला गांव के रहने वाले थे। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। बेटे अनिल ने बताया कि सोमवार सुबह आठ बजे के करीब पिता ई-रिक्शा लेकर घर से निकले और इसके बाद वापस नहीं लौटे। घरवाले खोजबीन करते रहे लेकिन कुछ पता नहीं चला। मंगलवार सुबह नौ बजे के करीब जानकारी मिली कि पिता का शव रावतपुर में यूनाइटेड कॉलेज के पास पड़ा है।
घरवाले पहुंचे तो पिता औंधे मुंह पड़े मिले। पुलिस ने दावा किया कि पोस्टमार्टम में हार्टअटैक से मौत की बात सामने आई है। बेटे ने बताया कि पिता आटा खरीदने के लिए घर से 60 रुपये लेकर निकले थे। वह मौके पर पहुंचा तो उनकी शर्ट की जेब फटी हुई थी और पैसे गायब थे। ई-रिक्शा भी नहीं दिखाई दिया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने पर वह भी मोर्चरी चले गए।
कुछ देर बाद सूचना मिली कि जहां पिता का शव मिला वहां से करीब 300 मीटर दूर उनका ई-रिक्शा लावारिस हालत में पड़ा मिला। छोटा भाई वहां पहुंचा तो देखा कि उसकी बैटरी गायब थी। पास में ही बीयर की दो बोतलें व दो जोड़ी चप्पलें भी पड़ी मिलीं।
परिवारवालों का मानना है कि अशोक की मौत के बाद उनका ई-रिक्शा ले जाकर बैटरी चोरी की गई। फिलहाल उन्होंने तहरीर देकर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में एयरपोर्ट थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।