फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सावन के आखिरी दिन हुई आफत की बारिश

Sun, 30 Aug 2015 01:44 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
इलाहाबाद (ब्यूरो)। शहर में शनिवार की सुबह इस सीजन की सबसे जोरदार बारिश ढेरों मुसीबतें भी साथ लाई। सुबह हुई बारिश में शहर के ज्यादातर इलाकों में सड़क, गलियां पानी-पानी हो गईं। बारिश से शहर के कई स्थानों पर कमर तक पानी भर गया। पॉश इलाकों से लेकर पुराने मोहल्लों में हर तरफ जलभराव ने शहरियों के लिए भारी मुसीबत खड़ी कर दी है। नाले-नालियां जाम होने से स्थिति और बदतर हो गई।
विज्ञापन


अल्लापुर, जार्जटाउन, टैगोर टाउन, अलोपीबाग, सोहबतियाबाग में स्थिति बेहद खराब है। कोठापार्चा, नखास कोहना, मुट्ठीगंज, करेली में भी जलभराव से लोग परेशान रहे। सिविल लाइंस की कई सड़कें जलमग्न हो गईं तो ऊंचाई वाले मोहल्ले कटरा में जगह-जगह जलभराव हो गया। अमूमन सावन के महीने में मूसलाधार बारिश कम ही होती है। इस बार सावन मास में लोग बारिश के लिए तरसते भी रहे, लेकिन शनिवार को बारिश ने माह भर की कसर पूरी कर दी। पानी इस कदर बरसा कि शहर के कई बड़े नाले ओवरफ्लो हो गए।

अल्लापुर, टैगोर टाउन, जार्जटाउन, बाई का बाग, रामबाग, कीडगंज के कुछ हिस्से, अलोपीबाग, लूकरगंज इलाकों में लोग सुबह सोकर उठे तो नाले का पानी उनके घरों के अंदर प्रवेश कर चुका था। टैगोर टाउन में कई सड़कों पर और बंगलों में घुटने तक पानी भर गया तो परेड मैदान बड़े तालाब में तब्दील हो गया। नवाब यूसुफ रोड, स्मिथ रोड पर रेलवे की कालोनी में भी पानी घुस गया। लोग पानी निकलने के इंतजार अपने घरों में घंटो कैद हो गए। उधर, खुसरोबाग के सामने पेड़ गिर जाने से लीडर रोड पर काफी देर दोनों ओर से आवागमन बंद हो गया। बाद में किसी तरह वहां से पेड़ हटाया गया। इसके बाद ही वहां रोड पर वाहनों का संचालन शुरू हो सका।
विज्ञापन


भोर में हुई मूसलाधार बारिश से अल्लापुर में तकरीबन सभी सड़कें, गलियां और पार्क पानी से लबालब हो गए। नालों की सफाई ठीक ढंग से न होने के कारण बाघम्बरी रोड, बाघम्बरी हाउसिंग स्कीम, मटियारा रोड, तिलक नगर, शिवनगर, अमिताभ बच्चन रोड, किदवई नगर की सड़कों पर तकरीबन दो-दो फीट पानी भर गया। पानी भरने की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद विनय मिश्र पंपिंग स्टेशन पहुंच गए।

उन्होंने वहां तुरंत तीन पंप चलवाए। इसके बाद ही अल्लापुर से पानी निकलना शुरू हुआ। पार्षद ने बताया कि यहां बाघम्बरी रोड का नाला चोक हो गया था। इस वजह से क्षेत्र में काफी देर तक जलभराव रहा। उधर, बारिश से टैगोर टाउन और जार्जटाउन की स्थिति भी बेहद खराब रही। टैगोर टाउन में कर्नलगंज इंटर कॉलेज के पीछे सड़कों पर घुटने तक पानी भर गया। टैगोर टाउन में सीवर लाइन जाम होने से स्थिति और गंभीर हो गई। यहां कई बंगलों में एक से डेढ़ फीट तक पानी भर गया। एलआईसी कॉलोनी को जाने वाली सड़क, एलआईसी कॉलोनी, फतेहपुर बिछुआ, हाशिमपुर रोड पर भी तकरीबन सभी घरों के निचले हिस्से में एक से दो फीट तक पानी भर गया।

निरंजन पुल के नीचे आज चार से पांच फीट तक पानी भर गया। इससे यहां काफी देर तक दोनों ओर से वाहनों का संचालन ठप हो गया। वहीं पुराने शहर में नाला जाम होने और बारिश के पानी से पुराने शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं। इसकी वजह से लीडर रोड, काटजू रोड भी नहीं बची। लीडर रोड पर इलाहाबाद जंक्शन के सामने से लेकर पुष्पराज सिनेमा तक, काटजू रोड पर स्टेशन के सामने से मस्जिद तक, शाहगंज थाने से आंख के अस्पताल तक सड़क पानी में डूब गई।

हिम्मतगंज में मुनव्वर अली शाह बाबा की मजार वाली सड़क, लूकरगंज में अग्रसेन इंटर कालेज, मदनानी अस्पताल के सामने और आसपास भारी जलभराव हो गया। बाई का बाग स्थित बंगाली टोला, कीडगंज स्थित त्रिवेणी रोड के साथ मुट्ठीगंज, मीरापुर, करेली, नूरुल्ला रोड के अलावा मम्फोर्डगंज, तेलियरगंज आदि इलाकों में जगह-जगह जबरदस्त जलभराव हुआ। हर जगह जलभराव के पीछे एक  ही कारण दिखा कि नालों की सफाई ठीक से नहीं हुई। साउथ मलाका के आजाद नगर मोहल्ले में भी नाला ओवर फ्लो होकर सड़क पर ही बहने लगा। अटाला में भी बारिश हो जाने से भारी जलभराव हो गया। नूर उल्लाह रोड पर भी पानी की निकासी न होने की वजह से काफी देर तक पानी भरा रहा।

बारिश के चलते सिविल लाइंस स्थित दो प्रमुख इमारत इंदिरा भवन और संगम प्लेस के बेसमेंट में पानी भर गया। इसके अलावा हॉट स्टफ चौराहा का सौंदर्यीकरण कराया तो नाला ढक दिया। पक्का फुटपाथ भी बन गया लेकिन उसके पीछे नाली नहीं बनाई गई। नतीजा रहा कि बारिश में हॉट स्टफ चौराहा पर घुटने तक पानी भर गया। एलगिन रोड, स्ट्रैची रोड, ताशकंद मार्ग, एसपी मार्ग, एमजी मार्ग, पत्रिका मार्ग, कानपुर रोड पर जगह-जगह पानी भरा रहा। शहर के प्रीतम नगर, कबीर आश्रम एवं उसके आसपास की कालोनियों में बारिश ने खूब हायतौबा मचा दी। यहां भी कई सड़कों पर जलभराव हो जाने से लोगों को खासी परेशानी हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें