विकास की अमृत यात्रा थीम पर आधारित ज्ञान यज्ञ कार्यक्रम में बोलते उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौ
सिविल लाइंस स्थित एक होटल में ‘प्रयागराज और कौशाम्बी विकास की अमृत धारा’ कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रयागराज का वैश्विक स्तर पर एक विशिष्ट स्थान है और इसे संवारना हम सबकी साझी जिम्मेदारी है। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मोर्चे पर बड़ा बदलाव आया है, लेकिन अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।
वरिष्ठ कर एवं वित्त सलाहकार डॉ. पवन जायसवाल की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव ने शहर के विकास का खाका खींचते हुए कहा कि वह दिन दूर नहीं जब प्रयागराज में एम्स की सौगात भी मिलेगी। रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प हवाई अड्डों की तर्ज पर हो चुका है और आने वाले दिनों में जलमार्ग के जरिए भी बड़े विकास कार्य किए जाएंगे।
अपने पैतृक जुड़ाव को याद करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि जब उनका जन्म हुआ था, तब कौशाम्बी भी अविभाजित प्रयागराज का ही हिस्सा था। उन्होंने कहा कि वे उपमुख्यमंत्री बाद में और प्रयागराज के निवासी पहले हैं, और उनकी यही कोशिश है कि इस क्षेत्र को पूरी दुनिया में नंबर एक बनाया जाए। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, डा. शैलेश पांडेय, आनंद सोनकर, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, अरुण पटेल आदि मौजूद रहे।