इलाहाबाद जिला न्यायालय खोले जाने को लेकर संशय बरकरार है। पहले इसे तीन जुलाई को खोला जाना था, मगर अब छह जुलाई तक बंद करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, न्यायालय प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
जिला अधिवक्ता संघ के मंत्री का कहना है कि हॉटस्पॉट परिधि में आने के बाद 12 जून को जिला न्यायालय बंद कर दिया गया था। इसे तीन जुलाई को खोला जाना था। इसकी तैयारी भी चल रही थी, मगर एसएसपी कार्यालय के कंटेनमेंट जोन में आने के बाद अदालत खोलने का निर्णय फिलहाल टाल दिया गया है। मंत्री राकेश दुबे का कहना है कि एसएसपी कार्यालय में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मरीज पाए जाने के बाद निर्णय में बदलाव किया गया है और छह जुलाई तक फिर से न्यायालय बंद कर दिया गया है। लेकिन, यह छह जुलाई को ही स्पष्ट हो सकेगा।
वहीं जिला न्यायालय के अधिवक्ता यतींद्र मिश्र सहित कई अधिवक्ताओं का कहना है कि जिले में सैकड़ों हॉटस्पॉट बना दिए गए हैं और चारों तरफ संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है, ऐसी हालत में जिला न्यायालय को अभी खोला जाना खतरे से खाली नहीं है। अधिवक्ताओं का कहना है कि जिला न्यायालय खुल जाने के बाद जनपद के वादकारी और बड़ी संख्या में अधिवक्ता कचहरी परिसर में उपस्थित रहेंगे। ऐसी हालत में संक्रमण बढ़ने की संभावना है। लिहाजा, इस पर विचार करके ही न्यायालय खोले जाने का निर्णय किया जाना चाहिए।